
कढ़ी की रेसिपी
भारत में कढ़ी चावल बड़े ही चाव के साथ खाए जाते हैं। कढ़ी बनाने के लिए आपको 2 कप खट्टा दही, हाफ कप बेसन, एक छोटा स्पून हल्दी, एक छोटा स्पून लाल मिर्च पाउडर, नमक और 4 कप पानी की जरूरत पड़ेगी। तड़का लगाने के लिए 2 स्पून तेल, एक छोटा स्पून जीरा, हाफ छोटा स्पून मेथी दाना, चुटकी भर हींग, 8 करी पत्ते, 2 लंबाई में कटी हुई हरी मिर्च और एक इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक का टुकड़ा चाहिए होगा। पकौड़े बनाने के लिए एक कप बेसन, एक बारीक कटा हुआ प्याज, एक बारीक कटी हुई हरी मिर्च, नमक और तेल की जरूरत पड़ेगी।
कैसे बनाएं कढ़ी- सबसे पहले दही को अच्छी तरह से फेंट लीजिए। अब दही में बेसन, हल्दी, लाल मिर्च और नमक को मिक्स कर लीजिए। इस मिक्सचर में धीरे-धीरे पानी एड करते हुए बिना गांठ वाला एक पतला घोल तैयार कर लीजिए। कड़ाही में तेल गर्म कर इसमें जीरा, मेथी दाना, हींग, करी पत्ता, हरी मिर्च और अदरक से तड़का लगा लीजिए। सभी मसालों के चटकने के बाद इस मिक्सचर में दही-बेसन के घोल को मिलाकर लगभग 15 से 20 मिनट तक चलाते हुए पकाएं।
बेसन के पकौड़े की रेसिपी- एक कटोरे में बेसन, प्याज, हरी मिर्च और नमक को मिक्स कर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लीजिए। अब तेल को गर्म कर इस घोल से छोटे-छोटे पकौड़े तल लीजिए। अगर आप नरम-नरम पकौड़े बनाना चाहते हैं, तो पकौड़ों को कढ़ी में मिलाने से पहले आपको इन्हें गर्म पानी में भिगोकर रखना है। थोड़ी देर के बाद पकौड़ों को निचोड़कर ही कढ़ी में एड करें।
उठाएं कढ़ी-चावल का लुत्फ- अब आपको नरम-नरम बेसन की पकौड़ियों को कढ़ी में मिला लेना है। इसके बाद लगभग 5 से 10 मिनट तक कढ़ी को धीमी आंच पर पका लीजिए। नरम-नरम बेसन की पकौड़ियों वाली कढ़ी के स्वाद को बढ़ाने के लिए आखिर में बारीक कटे हुए हरे धनिए को एड करना न भूलें। इसके अलावा आप कढ़ी में ऊपर से देसी घी भी डाल सकते हैं। अब आप गर्मागर्म कढ़ी को चावल के साथ सर्व कर सकते हैं।
Latest Lifestyle News

























