इजरायल और हमास के बीच शुरू हुई ये जंग अब तीन मोर्चों से लड़ी जा रही है. जहां एक तरफ इजरायली सेना गाजा में हमास के ठिकानों पर बमबारी कर रही है. तो वहीं, सीरिया और लेबनान में हिज्बुल्ला के ठिकानों पर भी एयरस्ट्राइक की गई. उधर, हिज्बुल्ला भी लेबनान से इजरायली शहरों पर रॉकेट दागता रहता है. ऐसे में अब ये कहना गलत नहीं होगा कि इजरायल और हिज्बुल्ला के बीच जंग भीषण होती जा रही है. इजरायली हमलों में हिज्बुल्ला के टॉप कमांडर्स समेत कई लड़ाके अब तक मारे गए हैं.
ऐसे में लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने कहा, इजरायल के साथ युद्ध रोकने का काम कर रहे हैं. लेबनान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने सोमवार को कहा कि वह यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उनका देश हमास-इजरायल युद्ध में घुसे. जबकि हिज्बुल्लाह और इजरायल सीमा पार से गोलीबारी कर रहे हैं. नजीब मिकाती ने एक इंटरव्यू में AFP को बताया, मैं लेबनान को युद्ध से रोकने के लिए अपना कर्तव्य निभा रहा हूं.
इजरायली सेना ने उत्तरी गाजा में किया अटैक
वहीं ऐसे में इजरायली सेना ने उत्तरी गाजा के मुख्य शहर पर दोनों तरफ से हमला किया है. फिलिस्तीनी इलाके में जमीनी कार्रवाई शुरू करने के तीन दिन बाद सोमवार को इजरायली सैनिकों और टैंकों ने गाजा के मुख्य उत्तरी शहर पर पूर्व और पश्चिम से हमला किया, जिससे नागरिकों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ गया है.
युद्ध के चार सप्ताह
इजरायल की सेना ने कहा कि उसने गाजा पट्टी में जमीनी अभियानों का विस्तार करते हुए पिछले कुछ दिनों में 600 से ज्यादा आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया है, जहां फिलिस्तीनी नागरिकों को ईंधन, भोजन और साफ पानी की सख्त जरूरत है, क्योंकि युद्ध अब चौथे सप्ताह में पहुंच चुका है.
सेना ने कहा, आईडीएफ सैनिकों ने दर्जनों आतंकवादियों को मार गिराया, जिन्होंने खुद को इमारतों और सुरंगों में बंद कर लिया था और सैनिकों पर हमला करने की कोशिश की थी. उन्होंने कहा कि उनमें हमास के चार प्रमुख कार्यकर्ता भी शामिल थे.
अब तक इतने लोगों की गई जान
इस युद्ध में अबतक हजारों लोगों की जान जा चुकी है. 7 अक्टूबर से शुरू हुए इस युद्ध में 29 अक्टूबर तक इजराइल के 1400 लोगों की जान गई है. वहीं इजरायल के पलटवार में गाजा पट्टी में अब तक 8,005 फिलिस्तीनी मारे गए हैं. इसके अलावा वेस्ट बैंक में मारे गए फिलिस्तीनियों का आंकड़ा 116 है.
युद्ध में अब तक 5,431 इजरायली घायल हुए हैं. वहीं 20,242 फिलिस्तीनी अब तक गाजा में घायल हुए हैं. इसके अलावा वेस्ट बैंक में घायल हुए फिलिस्तीनियों की संख्या 2,000 है. आपको यह भी बताते चलें कि युद्ध की वजह से 250,000 इजरायलियों को विस्थापित होना पड़ा है. वहीं गाजा पट्टी में 14 लाख फिलिस्तीनियों को विस्थापित होना पड़ा है.


























