बालों का झड़ना इन दिनों लोगों में बेहद आम है। हेयर फॉल के पीछे मुख्य रूप से स्ट्रेस, पाचन से जुड़ी परेशानियों और पोषण की कमी जैसी परेशानियां ज़िम्मेदार होती हैं। डॉक्टर हंसा योगेंद्र (फेमस योग गुरु और द योगा इंस्टीट्यूट की डायरेक्टर) अपने यू ट्यूब पर वीडियो शेयर कर बता रही हैं कि ऐसे में हेयर को पोषक तत्व देना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक, कद्दू के बीज पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और इन्हें डाइट में शामिल करने से बालों की सेहत को सपोर्ट मिल सकता है। चलिए जानते हैं कद्दू के बीज बालों के लिए क्यों फायदेमंद है?
कद्दू के बीज में पोषक तत्व
कद्दू के बीज में मैग्नीशियम, जिंक, ट्रिप्टोफैन और हेल्दी फैट्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। मैग्नीशियम नर्वस सिस्टम और मांसपेशियों के कार्य को सपोर्ट करता है। जिंक बालों और त्वचा समेत शरीर के सामान्य टिश्यू हेल्थ के लिए जरूरी है। इन पोषक तत्वों की वजह से कद्दू के बीज संतुलित डाइट का हिस्सा बनकर बालों और ओवरऑल हेल्थ को सपोर्ट कर सकते हैं।
बालों के लिए क्यों है फायदेमंद?
बालों की सेहत के लिए कद्दू के बीज काफी फायदेमंद माने जाते हैं। इनमें मौजूद जिंक, प्रोटीन, हेल्दी फैट्स और मिनरल्स बालों की जड़ों और हेयर फॉलिकल्स को जरूरी पोषण देने में मदद कर सकते हैं। नियमित रूप से संतुलित डाइट के हिस्से के रूप में कद्दू के बीजों का सेवन बालों की ग्रोथ और मजबूती को सपोर्ट कर सकता है।
कद्दू के बीज खाने का सही तरीका
सोने से करीब एक घंटे पहले 1 बड़ा चम्मच हल्के भुने हुए कद्दू के बीज खा सकते हैं। इन्हें अच्छी तरह चबाकर खाना बेहतर है। सुबह भीगे हुए कद्दू के बीजों के साथ भीगे हुए बादाम और एक अखरोट लिया जा सकता है। इन्हें खाली पेट या नाश्ते के साथ खाने की सलाह दी जाती है। अगर पेट फूलने की समस्या रहती है, तो एक चुटकी अदरक या काली मिर्च के साथ इनका सेवन किया जा सकता है। रोजाना 1 से 2 बड़े चम्मच से ज्यादा कद्दू के बीज खाने से बचें और बहुत ज्यादा नमक वाले या पैक्ड बीजों की जगह सादे बीज चुनें।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।























