अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन कैंडिडेट डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रैटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस को हरा दिया है. कमला हैरिस इस वक्त अमेरिका की मौजूदा उपराष्ट्रपति भी हैं. इस हार के साथ उनकी इस पद से भी विदाई तय हो गई है. अब उनकी जगह रिपब्लिकन पार्टी के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जेडी वेंस लेंगे.
कमला हैरिस के एग्जिट के बाद भारतीय मूल की उषा वेंस की अमेरिका की सत्ता में एंट्री
कमला हैरिस भारतीय मूल की हैं. उनकी मां भारत से थीं और उनके पिता अफ्रीकी अमेरिकी थे. कमला हैरिस की विदाई के बाद भी अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद का कनेक्शन भारत से जुड़ा रहेगा. दरअसल, अमेरिकन वाइस प्रेसिडेंट के लिए रिपब्लिकन कैंडिडेट जेडी वेंस का भारत से गहरा नाता है. उन्होंने भारतीय मूल की उषा वेंस से शादी की है.
जाने उषा वेंस का भारत में कहां से है नाता
उषा वेंस का भारत के आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले से नाता है. उनके माता-पिता लक्ष्मी और राधाकृष्ण चिलुकुरी यहीं के रहने वाले थे, जो रोजगार के सिलसिले में अमेरिका चले गए थे. राधाकृष्ण ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक पूरा करने के बाद अमेरिका में एयरोडायनामिक्स में मास्टर्स किया. वह एयरोडायनामिक्स विशेषज्ञ के रूप में यूनाइटेड टेक्नोलॉजीज एयरोस्पेस सिस्टम्स में शामिल हुए. वह अब सैन डिएगो विश्वविद्यालय में पढ़ाते हैं. उषा की मां लक्ष्मी एक जीव विज्ञानी हैं वह भी सैन डिएगो विश्वविद्यालय में पढ़ाती हैं. उषा सैन डिएगो में ही पली बढ़ी हैं.
वकील हैं उषा वेंस
उषा वेंस की स्कूलिंग हुई. कॉलेज के बाद उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री ली. इसके बाद उन्होंने दर्शन शास्त्र में कैम्ब्रिज से पोस्ट ग्रैजुएशन किया. कुछ महीनों तक वकील और ज्यूडिशयल क्लर्क के रूप में काम करती थीं. हालांकि, इधर कई महीनों से वह अपना काम छोड़ अपने पति के लिए प्रचार अभियान में हिस्सा ले रही थीं.
हिंदू रीति रिवाजों से हुई थी उषा और जेडी वेंस की शादी
उषा ने साल 2014 में येल से ग्रैजुएट होने के साल भर बाद ही जेडी वेंस से अमेरिका से केटकी प्रांत में शादी कर ली थी. इस शादी में सारे अनुष्ठान हिंदू पुजारी ने कराए थे. उषा और जेडी वैंस के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटों का नाम इवान और विवेक है, जबकि बेटी का नाम मिराबेल है. बता दें कि जेडी वेंस कैथलिक हैं. वहीं उषा अभी भी हिंदू धर्म का पालन करती हैं.
जेडी वेंस उषा वेंस को देते हैं अपनी सफलता का श्रेय
बता दें जेडी वेंस लेखक रहे हैं, जहां से उन्होंने रिपब्लिकन सीनेटर और अब उपराष्ट्रपति पद तक का सफर तय किया है. वह कई बार जिक्र कर चुके हैं कि इस पूरी यात्रा में उनकी पत्नी उषा उनके साथ रहीं हैं. उषा भी कई मौकों पर अपने पति की तारीफ खुलकर करती नजर आई हैं.



























