हार्वर्ड यूनिवर्सिटी लगातार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के निशाने पर है. ताजा घटनाक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप ने सख्त संदेश दिया है कि हार्वर्ड को उनके प्रशासन के नियमों अनुसार ही चलना होगा. उन्होंने अपने कहा है कि हार्वर्ड को अपने यहां पढ़ने वाले विदेशी छात्रों की संख्या 15 फीसदी तक सीमित करनी होगी. इससे अमेरिका के छात्रों को एडमिशन मिलने में आसानी होगी. साथ ही उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी को सरकार के सामने विदेशी छात्रों की पूरी लिस्ट भी पेश करनी चाहिए.
दरअसल, ओवल ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘हार्वर्ड को विदेशी छात्रों के दाखिले पर 15% की सीमा लगानी चाहिए. साथ ही हार्वर्ड प्रशासन को विदेशी छात्रों की मौजूदा लिस्ट सरकार को सौंपनी चाहिए. हार्वर्ड प्रशासन को अब सुधर जाना चाहिए. वह हमारे देश के साथ बहुत अपमानजनक व्यवहार कर रहा है और हर दिन खुद को मुश्किल में डालता जा रहा है.”
उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसे बहुत सारे स्थानीय छात्र हैं जो हार्वर्ड और अन्य संस्थान में जाना चाहते हैं, (लेकिन) वे एडमिशन नहीं पा सकते क्योंकि हमारे पास इतनी संख्या में विदेशी छात्र हैं. मुझे लगता है कि विदेशी छात्रों की सीमा 31 प्रतिशत नहीं बल्कि लगभग 15 प्रतिशत होनी चाहिए. मैं चाहता हूं कि हार्वर्ड फिर से महान बने. इसके अलावा ट्रंप ने कहा कि हार्वर्ड को दिए जाने वाले पैसे को उन ट्रेड स्कूलों में लगाया जाना चाहिए जो लोगों को प्लंबिंग और इलेक्ट्रिकल काम जैसे कौशल सिखाते हैं.
ट्रंप के निशाना पर हार्वर्ड
बता दें कि ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब वह पहले ही हार्वर्ड की फंडिंग पर सवाल उठा चुके हैं. हार्वर्ड ने ट्रंप प्रशासन को विदेशी छात्रों की लिस्ट देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद उन्होंने पिछले दिनों संघीय फंडिंग रोकने की घोषणा की थी, जिस पर कोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है. इसके अलावा ट्रंप प्रशासन ने सभी प्रकार के स्टूडेंट वीजा पर भी रोक लगा दी है, जिससे अमेरिका में पढ़ने वाले हजारों विदेशी छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है. इस फैसले को भी हार्वर्ड पर सख्ती के रूप में देखा जा रहा है.
ट्रंप प्रशासन ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी पर विदेशी छात्रों और चीन जैसे देशों के हित में काम करने का आरोप लगाया था. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, हर साल लगभग 500 से 800 भारतीय छात्र इस प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में दाखिला लेते हैं. वर्तमान में हार्वर्ड में 140 से अधिक देशों के 10,158 अंतरराष्ट्रीय छात्र पढ़ रहे हैं.
हार्वर्ड में पढ़ने वाले 31 फीसदी छात्र विदेशी: ट्रंप
एक रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि हार्वर्ड में पढ़ने वाले लगभग 31% छात्र विदेशी हैं और यूनिवर्सिटी इन छात्रों की जानकारी देने में टालमटोल कर रही है. उन्होंने लिखा, “हार्वर्ड यह क्यों नहीं कह रहा है कि उनके लगभग 31% स्टूडेंट्स विदेशी देशों से हैं और फिर भी वे देश, जिनमें से कुछ संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए बिल्कुल भी फ्रेंडली नहीं हैं, वे अपने छात्रों की शिक्षा के लिए कुछ भी भुगतान नहीं करते हैं और न ही वे कभी ऐसा करने का इरादा रखते हैं.”
ट्रंप ने आगे लिखा, “हम जानना चाहते हैं कि वे विदेशी छात्र कौन हैं, यह एक उचित अनुरोध है क्योंकि हम हार्वर्ड को अरबों डॉलर देते हैं, लेकिन हार्वर्ड बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रहा है. हम उन नामों और देशों को जानना चाहते हैं. हार्वर्ड के पास $52,000,000 (भारतीय रुपयों में चार अरब से ज्यादा फंड) हैं, इसका इस्तेमाल करें और फेडरेल गवर्नमेंट से आपको पैसे देना जारी रखने के लिए कहना बंद करें!”


















![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)









