
1984 की एक सर्द रात डोनाल्ड ट्रंप फ्लोरिडा की सड़कों पर घूम रहे थे. कैब में बैठे-बैठे उन्होंने अचानक ड्राइवर से पूछ लिया कि फ्लोरिडा में सबसे महंगा घर कौन सा है? ड्राइवर ने कहा यहां मार-ए-लागो की टक्कर का कुछ नहीं है… ट्रंप ने पहली बार यह नाम सुना था. वह उसी रात मार-ए-लागो देखने गए और 20 एकड़ में फैले इस आलीशान महल को देखकर दंग रह गए. उन्होंने फौरन इसे खरीदने की कवायद शुरू कर दी. आज मार-ए-लागो दुनियाभर में सेंटर ऑफ अट्रैक्शन बना हुआ है. ट्रंप इसे Winter White House कहते हैं. राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद नई कैबिनेट चुनने से लेकर भविष्य की प्लानिंग करने तक सब कुछ इसी लग्जरी मेंशन की चारदीवारी के भीतर हुई हैं. लेकिन मार-ए-लागो का रूतबा पॉलिटिकली इतना कैसे बढ़ा? इसका जवाब इतिहास की गर्त मे छिपा है.

डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ समय पहले कहा था कि मार-ए-लागो इस ब्रह्मांड का केंद्र है. उनके इस बयान से यह साफ हो गया था कि इस बार ट्रंप व्हाइट हाउस से ज्यादा तरजीह मार-ए-लागो को देने वाले हैं. वह आधिकारिक रूप से बेशक व्हाइट हाउस से देश चलाएंगे लेकिन पॉलिटिकल स्ट्रैटेजी मार-ए-लागो की चारदीवारी के भीतर ही बनने वाली हैं. ट्रंप की नई सरकार में अहम पद संभालने वाले अरबपति कारोबारी एलॉन मस्क पिछले एक महीने से मार-ए-लागो में ही डेरा डाले हुए हैं. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से लेकर इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी और मेटा सीईओ मार्क जकरबर्ग तक मार-ए-लागो में ट्रंप के साथ मीटिंग्स कर चुके हैं.
लेकिन आज का ये मार-ए-लागो किसी जमाने में अमेरिका की सबसे दौलतमंद महिला का आशियाना हुआ करता था. महिला का नाम था मार्जरी मेरीवेदर पोस्ट. ये वो समय था जब अमेरिका में आर्थिक मंदी की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी. चारों तरफ एक तरह की घबराहट थी. इस बीच मार्जरी ने फ्लोरिडा के पाम बीच पर एक ऐसे आलीशान रिसॉर्ट को बनवाने का फैसला किया, जहां वह रॉयल पार्टीज, चैरिटी इवेंट्स और कॉस्ट्यूम बॉल पार्टीज कर सकें.
नीली आंखों वाली बेइंतहा खूबसूरत मार्जरी को पार्टियों का बेहद शौक था. उन्होंने ड्रीम प्रोजेक्ट के तौर पर इसे बनवाने का टेंडर दिया. 1924 में इसका कंस्ट्रक्शन शुरू हुआ और 1927 में यह बनकर तैयार हो गया. नाम रखा गया मार-ए-लागो, जो एक स्पैनिश शब्द है जिसका मतलब है समुद्र से झील तक. दरअसल इसके एक तरफ अटलांटिक सागर जबकि दूसरी तरफ झील है.

मार्जरी ने मार-ए-लागो को तैयार करवाने में उस समय लगभग 70 लाख डॉलर खर्च किए थे, जो आज के दौर में 10 करोड़ डॉलर के आसपास है. मार-ए-लागो को अपने समय का मास्टरपीस माना जाता है. आर्किटेक्ट मैरियन सिम्स वेथ और जोसेफ अर्बन ने स्पैनिश और मोरक्कन स्टाइल में इसे डिजाइन किया था. मार्जरी सिर्फ सोशलिस्ट नहीं थी बल्कि पॉलिटिक्स में भी उनकी काफी दिलचस्पी थी. वह चाहती थी कि अमेरिकी सरकार मार-ए-लागो का विंटर व्हाइट हाउस के तौर पर इस्तेमाल करें. इसी तमन्ना के साथ 1973 में जब उनका इंतकाल हुआ तो उन्होंने मार-ए-लागो को अमेरिकी सरकार को सौंप दिया.
लेकिन अमेरिकी सरकार के लिए यह आलीशान प्रॉपर्टी जी का जंजाल बन गई. इस रिसॉर्ट की भव्यता को देखते हुए सरकार ने सालभर के भीतर ही इसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित कर दिया. लेकिन इस लग्जरी प्रॉपर्टी के मेंटेनेंस पर करोड़ों डॉलर खर्च होने की आशंका के चलते सरकार ने इसे पोस्ट फाउंडेशन को वापस सौंप दिया.

अमेरिका के वरिष्ठ पत्रकार और वॉटरगेट स्कैंडल का पर्दाफाश कर राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की सत्ता हिला देने वाले बॉब वुडवर्ड ने अपनी किताब WAR में लिखा है कि 1984 में जब डोनाल्ड ट्रंप एक रात शहर में घूम रहे थे तो उन्हें कैब ड्राइवर से पहली बार मार-ए-लागो के बारे में पता चला. वह हैरान थे कि इतने लग्जरी रिसॉर्ट के बारे में वह पहले क्यों नहीं जान पाए. वह उसी रात मार-ए-लागो का दीदार करने पाम बीच पहुंचे और उसी वक्त उन्होंने ठान लिया कि उन्हें इसे किसी भी कीमत पर खरीदना है.
(Image: AI Generated)
ट्रंप की धमकी और एक जिद…
फ्लोरिडा की ट्रिप के दौरान जब ट्रंप को मार-ए-लागो के बारे में पता चला तो उन्होंने इसे खरीदने के लिए पोस्ट फाउंडेशन से संपर्क किया. वह मन बना चुके थे कि इस प्रॉपर्टी को खरीदकर रहेंगे. इसके लिए उन्होंने मार-ए-लागो की केयरटेकर मार्जरी की तीनों बेटियों से मिलने की इच्छा जताई. ट्रंप उस समय सिर्फ मार-ए-लागो को खरीदने की उधेड़बुन में रहते थे. उन्होंने मार्जरी की बेटियों से मिलकर उन्हें मार-ए-लागो बेचने को कहा लेकिन मार्जरी की बेटियां नहीं मानी. वे चाहती थी कि ट्रंप को अगर मार-ए-लागो खरीदना है तो कीमत और बढ़नी चाहिए. ट्रंप समझ चुके थे कि मार्जरी की बेटियां मार-ए-लागो को बेचने के मूड में नहीं है. लेकिन ट्रंप भी भला कहां हार मानने वाले थे. वह एक शाम मार्जरी की बेटियों से मिले और उनसे कहा कि उन्होंने मार-ए-लागो के ठीक सामने वाली प्रॉपर्टी खरीद ली है और वह यहां एक बड़ा घर बनाने वाले हैं. घर को इस तरीके से बनाया जाएगा कि मार-ए-लागो से समुद्र का व्यू दिखना बंद हो जाए. ये सुनते ही मार्जरी की बेटियों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई. ट्रंप की तरकीब काम आई और मार्जरी की बेटियों ने मार-ए-लागो उन्हें बेच दिया.
(Photo Credit: Vanityfair.com)
मार-ए-लागो खरीदने के एक साल बाद ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि मार्जरी की अहंकारी बेटियां अपनी मां की तरह खूबसूरती लेकर पैदा हुई हैं लेकिन उनके पास अपनी मां की तरह दिमाग नहीं है.
ट्रंप ने 1985 में 1 करोड़ डॉलर में मार-ए-लागो खरीदा था. बाद में उन्होंने 1995 में मार-ए-लागो को प्राइवेट क्लब में तब्दील कर दिया. आज के समय में मार-ए-लागो को दो हिस्सों में बांटा गया है. एक हिस्से में ट्रंप और उनके परिवार के रहने का इंतजाम है, जहां प्राइवेसी का बहुत ध्यान रखा गया है. जबकि दूसरे हिस्सा मार-ए-लागो क्लब है, जहां की मेंबरशिप लेकर कोई भी यहां ठहर सकता है या समय बिता सकता है. यहां गेस्ट रूम के अलावा स्पा और फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं है. लेकिन इस क्लब की मेंबरशिप करोड़ों में है जिस वजह से बेहद हाई प्रोफाइल लोग ही इसके सदस्य बन सकते हैं. ट्रंप ने 20,000 स्क्वैयर फुट में 70 लाख डॉलर की लागत से एक बॉलरूम भी तैयार कराया है, जहां वह लग्जरी पार्टियां देते हैं. इस बॉलरूम की खास बात ये है कि इसे पूरी तरह से गोल्ड से तैयार कराया गया है. मार-ए-लागो में एक किंगसाइज स्विमिंग पूल, ब्यूटी सैलून, वर्ल्ड क्लास स्पा, पांच टेनिस कोर्ट और गोल्फ कोर्स है.

लोकप्रियता और विवाद साथ-साथ
डोनाल्ड ट्रंप का मार-ए-लागो आज दुनियाभर में सुर्खियों में है. 2020 का राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद डोनाल्ड ट्रंप अपने घर मार-ए-लागो लौट गए थे. उन पर कई सरकारी और खुफिया फाइलें अपने साथ ले जाने का आरोप लगा था, जिसके बाद अगस्त 2021 को एफबीआई ने मार-ए-लागो पर छापेमारी की थी. इस छापेमारी के दौरान एफबीआई ने मार-ए-लागो से 337 सरकारी डॉक्यूमेंट्स बरामद किए थे. इनमें से 21 डॉक्यूमेंट्स पर टॉप सीक्रेट लिखा हुआ था.
ट्रंप के बाथरूम और स्टोर रूम में अमेरिकी सरकार की इन खुफिया फाइलों को छिपाया गया था. ट्रंप ने मार-ए-लागो में जिन खुफिया फाइलों को छिपाया था, उनमें अमेरिका के न्यूक्लियर प्रोग्राम से लेकर अमेरिका और दूसरे देशों की रक्षा और हथियारों से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं. इन खुफिया फाइलों को ट्रंप ने मार-ए-लागो के बाथरूम, स्टोर रूम, बॉलरूम और बेडरूम में छिपाकर रखा था. यह अपनी तरह का पहला मामला था, जब किसी पूर्व राष्ट्रपति पर इस तरह के संगीन आरोप लगे थे.

कैसी है मार-ए-लागो के भीतर की दुनिया?
इस समय मार-ए-लागो दुनियाभर के हाई प्रोफाइल शख्सियतों की गैदरिंग का अड्डा बन चुका है. कमला हैरिस को हराकर राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद से कई बड़ी शख्सियतें यहां आकर ट्रंप से मुलाकात कर चुकी हैं. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से लेकर इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी और मेटा सीईओ मार्क जकरबर्ग यहां आ चुके हैं. लेकिन इसके भीतर की दुनिया कैसी है? इसका जवाब लॉरेंस लीमर ने अपनी किताब Mar-a-Lago: Inside the Gates of Power at Donald Trump’s Presidential Palace में दिया है. किताब में बताया गया है कि यहां आय दिन अहंकारी दौलतमंदों का जमावड़ा लगता है, जो हर वक्त पावर और मनी की बातें करते हैं. मर्द हैरेसमेंट से जुड़े कोर्ट केसेज पर बातें करते हैं जबकि अधेड़ उम्र की महिलाएं अपनी शादी को बचाने के लिए बढ़ते वजन और चेहरे की झुर्रियों से छुटकारा पाने पर गॉसिप करती नजर आती हैं.
लीमर किताब में लिखते हैं कि मार-ए-लागो में आपको नस्ली टिप्पणी करते और यहूदियों के खिलाफ बोलने वाले लोग मिलेंगे. ठीक इसी तरह लेस स्टैंडीफोर्ड अपनी किताब Palm Beach Mar-A-Lago and the Rise of America’s Xanadu में लिखते हैं कि मार-ए-लागो की चारदीवारी को जानबूझकर इतना ऊंचा बनाया गया है ताकि गोपनीयता बनी रहे.
बॉब वुडवर्ड ने अपनी किताब War में बताया है कि अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने मार-ए-लागो और नॉर्थ कोरिया के बीच समानताएं बताई थीं. ग्राहम ने कहा था कि मार-ए-लागो जाना नॉर्थ कोरिया जाने जैसा है.

ट्रंप के बारे में यह जाने लेना जरूरी है कि वह पॉलिटिशियन या राष्ट्रपति होने से पहले बिजनेसमैन हैं. ट्रंप ने 1989 में बॉब वुडवर्ड को दिए इंटरव्यू में कहा था कि Instinct किसी भी चीज से ज्यादा अहमियत रखती है. अगर आपकी Instinct सही है तो आप खराब से खराब चीजों को दुरुस्त कर सकते हैं. मैंने अपनी जिंदगी में जो सबसे खराब काम किया है, वह उस वक्त किया है, जब मैंने अपनी Instinct को फॉलो नहीं किया. ठीक इसी तरह सबसे फायदेमंद और अच्छे काम तब किए जब मैंने अपने लोगों की नहीं सुनी और अपने Instinct को फॉलो किया. मार-ए-लागो खरीदना मेरे उसी Instinct का फैसला है…




















