
कैब ड्राइवर लगातार रैश ड्राइविंग करता रहा।
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक दिल दहला देने वाला वाकया सामने आया है। एक वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि एक कैब ड्राइवर ने पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाई। इस हरकत ने कैब में सवार एक परिवार को डर के मारे कांपने पर मजबूर कर दिया। यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के परथला ब्रिज के पास हुई, जहां ट्रैफिक पुलिस ने कैब को रुकने का इशारा किया था। लेकिन ड्राइवर ने पुलिस के इशारे को अनदेखा करते हुए और गाड़ी को तेजी से भगाना शुरू कर दिया।
ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कनॉट प्लेस जा रहे थे
कैब में एक शख्स, उनकी पत्नी और उनका छोटा बच्चा सवार थे, जो ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कनॉट प्लेस जा रहे थे। परिवार ने ड्राइवर से बार-बार गाड़ी धीमी करने की गुहार लगाई, लेकिन ड्राइवर ने उनकी एक न सुनी और लापरवाही से गाड़ी चलाता रहा। इस दौरान कैब की कथित तौर पर एक दूसरी गाड़ी से टक्कर भी हो गई, जिससे परिवार और भी डर गया।
वीडियो में बच्चे की चीखें, सोशल मीडिया पर हंगामा
परिवार ने इस डरावने सफर का एक वीडियो बनाया, जिसमें बच्चे की डर से चीखें साफ सुनाई दे रही हैं। पीड़ित शख्स ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया और अपनी आपबीती बयान की। यह वीडियो अब वायरल हो चुका है और लोगों में गुस्सा भड़क रहा है। लोग ऐप-बेस्ड और प्राइवेट कैब्स में यात्रियों की सलामती को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं
वायरल वीडियो के बावजूद परिवार ने अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की है। पुलिस ने भी इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यह घटना कैब सर्विसेज की सुरक्षा पर सवाल उठा रही है। सोशल मीडिया पर लोग ड्राइवरों की ट्रेनिंग और पुलिस की सख्ती पर जोर दे रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी वारदात दोबारा न हों।











![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











