विदेशमंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग के साथ ही क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की. उनकी यह मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा न्यूयॉर्क में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात के कुछ ही दिनों बाद हुई है.
जयशंकर ने X पर एक पोस्ट में कहा कि आज दोपहर रुसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की. इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई. रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि लावरोव और जयशंकर ने द्विपक्षीय सहयोग एजेंडे के प्रमुख मामलों के साथ-साथ कज़ान में आगामी ब्रिक्स शिखर समिट की तैयारियों, यूक्रेन समझौते पर चर्चा की. दोनों नेता प्रमुख बहुपक्षीय प्रारूपों के भीतर रूस और भारत के बीच समन्वय जारी रखने पर सहमत हुए.
पिछले सप्ताह पीएम मोदी और ज़ेलेंस्की के बीच बैठक हुई थी, जो कि तीन महीने से भी कम समय में दोनों नेताओं के बीच तीसरी बैठक थी. पीएम मोदी ने पिछले महीने कीव में यूक्रेनी नेता से मुलाकात की थी.






















