वॉशिंगटन6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

डोनाल्ड ट्रम्प अकसर फ्लोरिडा में अपने गोल्फ कोर्स में गोल्फ खेलते हैं। (फाइल फोटो)
अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के इंटरनेशनल गोल्फ क्लब के पास गोली चलने की खबर आई है। उनके कैंपेन और सीक्रेट सर्विस ने जानकारी दी है कि ट्रम्प सुरक्षित हैं।
FBI का कहना है कि यह घटना ट्रम्प पर जानलेवा हमले जैसी लग रही है। जब ट्रम्प गोल्फ खेल रहे थे तब सीक्रेट सर्विस ने एक शख्स को AK स्टाइल राइफल से गोल्फ क्लब की तरफ निशाना लगाते देखा।
इसके बाद सीक्रेट सर्विस ने उस शख्स पर फायरिंग की। हालांकि वह अपनी बंदूक वहीं छोड़कर SUV से फरार हो गया। उसे पास की काउंटी से हिरासत में लिया गया।
घटना भारतीय समय के मुताबिक रविवार रात 11:30 बजे की है, उस वक्त अमेरिका में दोपहर के 2 बज रहे थे। गोलीबारी होने के तुरंत बाद गोल्फ कोर्स को लॉक कर दिया।
करीब दो महीने पहले अमेरिकी राज्य पेंसिल्वेनिया के बटलर शहर में एक रैली के दौरान ट्रम्प पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें एक गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई थी।

फ्लोरिडा में डोनाल्ड ट्रम्प के इंटरनेशनल गोल्फ क्लब के पास फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद पुलिस।
ट्रम्प बोले- मैं सुरक्षित हूं, कभी हार नहीं मानूंगा गोलीबारी की घटना के बाद ट्रम्प ने कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं। एक फंडरेजिंग ईमेल में उन्होंने लिखा- मेरे करीब गोलियां चलीं, लेकिन अफवाहें फैलने से पहले मैं आपको यह बताना चाहता हूं- मैं सुरक्षित और स्वस्थ हूं!कुछ भी मुझे रोक नहीं सकता। मैं कभी हार नहीं मानूंगा! आपके समर्थन के लिए मैं हमेशा आपसे प्यार करता रहूंगा।
बाइडेन और हैरिस को घटना की जानकारी दी गई वाइट हाउस ने बताया कि प्रेसिडेंट जो बाइडेन और वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस को इस घटना की जानकारी दे दी गई है। दोनों ने इस बात पर राहत जताई है कि ट्रम्प सुरक्षित हैं।
कमला हैरिस ने सोशल मीडिया पर कहा-

मुझे फ्लोरिडा में पूर्व राष्ट्रपति ट्रम्प और उनकी प्रॉपर्टी के पास गोली चलने की खबरों के बारे में जानकारी दी गई है। मैं खुश हूं कि वे सुरक्षित हैं। अमेरिका में हिंसा की कोई जगह नहीं है।

चुनावी दौरे के बाद वीकेंड पर फ्लोरिडा आए थे ट्रम्प ट्रम्प वेस्ट कोस्ट का दौरा करने के बाद इस वीकेंड फ्लोरिडा वापस आए थे। यहां पाम बीच पर उनका घर मार-ए-लागो है। इसे पॉम बीच रिजॉर्ट भी कहा जाता है। वेस्ट कोस्ट विजिट के दौरान शुक्रवार रात ट्रम्प ने लास वेगास में एक रैली और यूटा में एक फंडरेजर में भाग लिया था।
फ्लोरिडा के पाम बीच पर ट्रम्प के आलीशान रिजॉर्ट मार-ए-लागो की तस्वीर।
13 जुलाई को हुआ था ट्रम्प पर जानलेवा हमला 13 जुलाई को पेन्सिल्वेनिया के बटलर शहर में एक रैली को संबोधित करते वक्त ट्रम्प पर हमला हुआ था। इस दौरान एक गोली ट्रम्प के कान को छूते हुए निकल गई थी। हमलावर की पहचान 20 साल के युवक थॉमस क्रूक्स के तौर पर हुई थी। उसने AR-15 राइफल से 8 गोलियां चलाई थीं। फायरिंग के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के अफसरों ने हमलावर को मार गिराया था।

ये खबरें भी पढ़ें….
क्या ट्रम्प पर दोबारा हमले का खतरा:पार्टी प्रोग्राम के बाहर AK-47 के साथ युवक गिरफ्तार; दावा- ईरान से रची जा रही मारने की साजिश

13 जुलाई को पेंसिल्वेनिया में हमले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर हमले का खतरा मंडरा रहा है। 16 जुलाई को अमेरिका के मिलवॉकी शहर में उनकी रिपब्लिकन पार्टी के कन्वेंशन के बाहर पुलिस ने 21 साल के एक युवक को AK-47 के साथ गिरफ्तार किया।
इसके कुछ ही समय बाद 43 साल का सैमुएल शार्प दोनों हाथ में चाकू लिए नजर आया। उसने एक व्यक्ति पर हमला भी किया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें सैमुएल की मौत हो गई। इन दोनों घटनाओं के बाद अमेरिका की पुलिस अलर्ट पर है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
डोनाल्ड ट्रम्प का किसी भारतीय मीडिया को पहला इंटरव्यू:भास्कर से कहा- मेरी गारंटी है, भारत के लिए मुझसे बेहतर दोस्त कोई नहीं

अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रम्प दूसरी बार उम्मीदवार हैं। बेबाकी के लिए मशहूर ट्रम्प जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने अपने बिजी शेड्यूल के बीच दैनिक भास्कर के सवालों के जवाब दिए।
पहली बार भारतीय मीडिया को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने दावा किया कि भारत के लिए व्हाइट हाउस में उनसे बेहतर और कोई राष्ट्रपति नहीं होगा। वे भारत-अमेरिका के संबंध नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…


























