
संघ प्रमुख मोहन भागवत।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
पंजाब प्रांत में तीन दिवसीय दौरे पर आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत दिल्ली रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने जालंधर के डेविएट कॉलेज में प्रांत प्रमुखों के अलावा प्रांत प्रचार प्रमुखों और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे 800 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही पंजाब के संगठन में बड़े बदलाव किए जाएंगे, क्योंकि पिछले वर्षों में पंजाब में हुए चुनाव में भाजपा को कुछ खास फायदा नहीं मिला था। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली आदि राज्यों के प्रांत प्रभारी और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक की शुरुआत में एक साल के कार्यों पर बात हुई। इसके बाद संघ प्रमुख भागवत ने संगठन के सक्रिय सदस्यों और प्रचार प्रमुखों को निर्देश देते हुए कहा कि पंजाब में संघ का दायरा विकसित करें। चार घंटे से अधिक चली बैठक में उन्होंने कहा कि संघ परिवार के विस्तार के लिए हर सप्ताह कार्यक्रम बनाएं और लोगों से मिलें। उन्हें संगठन से जोड़ने के साथ उनके बच्चों को संघ परिवार से जुड़ने के फायदे भी बताएं। संघ परिवार देश में संस्कृति बचाए रखने के लिए जो कदम उठा रहा है, वह भी लोगों को बताएं।
भाजपा नेताओं को नो एंट्री
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं की पूरी तरह से नो एंट्री रही। भाजपा नेताओं को संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी भी नहीं दी गई। बैठक में सिर्फ संगठन से जुड़े लोग ही बुलाए गए थे और उन्हें विशेष तरह के कार्ड और वाहनों के स्टीकर मुहैया करवाए थे, जिससे उनकी कार्यक्रम स्थल पर एंट्री हो सके। इस बार भागवत मीडिया से भी मुखातिब नहीं हुए। उन्होंने कार्यक्रम को पूरी तरह से संगठनात्मक ही रखा।

























