
मृतका काजल
– फोटो : फाइल
विस्तार
कपूरथला के गांव बिधिपुर में 22 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल पक्ष से तंग आकर घर के पंखे से परना बांधकर फंदा लगा लिया। बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष दहेज की मांग पर विवाहिता को तंग करते थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना तलवंडी चौधरियां पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। मृतका की मां के बयान पर मृतका के पति, सास व ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तीनों को काबू कर लिया गया है। पुलिस ने फंदे में प्रयोग किया गया परना भी कब्जे में ले लिया है। मृतका की पहचान काजल पत्नी लखविंदर सिंह वासी गांव बिधिपुर के रुप में हुई है।
यह भी पढ़ें: Murder in Muktsar: मामूली तकरार के बाद युवक को गोली से उड़ाया, मुक्तसर में देर रात हुई वारदात
जसविंदर कौर वासी गांव बुताला ढिलवां ने तलवंडी चौधरियां पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने अपनी बेटी काजल की शादी तीन साल पहले गांव बिधिपुर वासी लखविंदर सिंह पुत्र बलविंदर सिंह के साथ की थी। बेटी को दहेज भी दिया था। शादी के कुछ दिन बाद ही उसके पति, सास परमजीत कौर व ससुर बलविंदर सिंह उसे परेशान करने लगे। यह सिलसिला 3 साल से चल रहा था। इस सबंध में उसकी बेटी ने पुलिस से भी शिकायत की थी। पुलिस के सामने फैसले के बाद भी पूरा परिवार फिर से काजल को परेशान करने लगा और उससे मारपीट भी की जाती थी।
बेऔलाद होने का देते थे ताना
शादी के तीन साल बाद भी बेटी को कोई औलाद नहीं थी। गत कुछ माह से ससुराल पक्ष उसे बेऔलाद कहकर ताने भी देते थे। जब वह विरोध करती तो पूरा परिवार मारपीट पर उतर आता। गत दिवस भी पूरे परिवार ने उनकी बेटी को तंग किया। जिस कारण उसने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। बेटी की मौत की सूचना उन्हें ससुरालियों ने नहीं दी, बल्कि गांव के सरपंच ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी ने फंदा लगा लिया है।
मामले की जांच कर रहे थाना तलवंडी चौधरियां के एएसआई बलदेव सिंह ने बताया कि जसविंदर कौर की शिकायत पर मृतका के पति, सास व ससुर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं फंदा लगाने में प्रयोग किया गया परना भी घर से बरामद हो गया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।


























