2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले फेज के लिए मंगलवार को नॉमिनेशन का आखिरी दिन था। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना की मौजूदगी में उम्मीदवारों ने नॉमिनेशन भरा।
जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर को पहले चरण की वोटिंग होगी। 27 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि थी। चुनाव आयोग के मुताबिक, सात जिलों के 24 विधानसभा क्षेत्रों में 279 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
अनंतनाग जिले में कुल 72 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। इसके बाद पुलवामा जिले में 55, डोडा जिले में 41, किश्तवाड़ जिले में 32, शोपियां जिले में 28, कुलगाम जिले में 28, जबकि रामबन जिले में 23 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
पहले चरण के चुनाव में 23.27 लाख से अधिक लोग वोट डालेंगे। जिनमें से 11.76 लाख पुरुष मतदाता और 11.51 लाख महिला मतदाता हैं, साथ ही 60 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं।
जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों के लिए 18 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच 3 चरणों में मतदान होंगे। नतीजे 4 अक्टूबर 2024 को आएंगे। सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 46 है।

पार्टीवाइज जानिए अब तक किस पार्टी ने कितने उम्मीदवार उतारे…
भाजपा: अब तक 45 कैंडिडेट के नामों का ऐलान कर चुकी
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अब तक तीन लिस्ट जारी की हैं। अब तक कुल 45 कैंडिडेट उतारे हैं। पार्टी ने 26 अगस्त को सुबह 10 बजे 44 नामों की लिस्ट जारी की थी। विरोध हुआ तो लिस्ट वापस ले ली। इसके दो घंटे बाद 15 नाम की नई लिस्ट जारी की। तीन घंटे बाद सिंगल नाम की एक और सूची आई। मंगलवार को 29 कैंडिडेट्स की तीसरी लिस्ट जारी की। इसमें सेकेंड फेज के 10 और थर्ड फेज के 19 उम्मीदवारों के नाम हैं। तीसरी लिस्ट में पार्टी ने कल के 28 नाम रिपीट किए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
कांग्रेस: अब तक 9 उम्मीदवार उतारे, सिर्फ एक लिस्ट जारी की
जम्मू-कश्मीर में NC (नेशनल कांफ्रेंस) और कांग्रेस का गठबंधन है। 90 सीटों में से नेशनल कॉन्फ्रेंस 51 और कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 5 सीटों पर फ्रेंडली फाइट होगी। 2 सीटें CPI (M) और पेंथर्स पार्टी को मिली हैं। कांग्रेस ने अब तक सिर्फ 9 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। सिर्फ एक लिस्ट जारी की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी 21 अगस्त की शाम श्रीनगर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर मीटिंग की। पढ़ें पूरी खबर…
नेशनल कांफ्रेंस: अब तक 50 उम्मीदवार घोषित, दो लिस्ट सामने आई
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने मंगलवार (27 अगस्त) को दूसरी लिस्ट जारी की। इसमें 32 नाम हैं। पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गांदरबल से और तनवीर सादिक जदीबल सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने 26 अगस्त को 18 उम्मीदवार घोषित किए थे। पार्टी अब तक 50 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। जबकि एक नाम का ऐलान होना अभी बाकी है। क्योंकि गठबंधन में NC को सिर्फ 51 सीटें मिली हैं। पढ़ें पूरी खबर…
2014 में हुए थे आखिरी विधानसभा चुनाव
जम्मू-कश्मीर में आखिरी बार 2014 में विधानसभा चुनाव हुए थे। तब BJP और PDP ने गठबंधन सरकार बनाई थी। 2018 में गठबंधन टूटने के बाद सरकार गिर गई थी। इसके बाद राज्य में 6 महीने तक राज्यपाल शासन (उस समय जम्मू-कश्मीर संविधान के अनुसार) रहा। इसके बाद राष्ट्रपति शासन लागू हो गया।
राष्ट्रपति शासन के बीच ही 2019 के लोकसभा चुनाव हुए, जिसमें BJP भारी बहुमत के साथ केंद्र में लौटी। इसके बाद 5 अगस्त 2019 को BJP सरकार ने आर्टिकल-370 खत्म करके राज्य को दो केंद्र-शासित प्रदेशों (जम्मू-कश्मीर और लद्दाख) में बांट दिया था। इस तरह जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।

यह खबर भी पढ़ें…
जम्मू-कश्मीर चुनाव में भारी पड़ेंगे हिंदू बहुल इलाके, जम्मू की 6 और कश्मीर की 1 सीट बढ़ाने से क्या बीजेपी को मिलेगा फायदा

जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव का ऐलान हुआ है। 18 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच 3 चरणों में मतदान होंगे। नतीजे 4 अक्टूबर 2024 को आएंगे। 2014 के मुकाबले जम्मू कश्मीर में बहुत कुछ बदल चुका है। विशेष राज्य का दर्जा देने वाला आर्टिकल 370 हटा, लद्दाख को अलग करके जम्मू-कश्मीर को केंद्रशासित प्रदेश बना दिया गया और परिसीमन के जरिए 7 सीटें बढ़ा दी गई। पूरी खबर पढ़ें…
महबूबा की PDP का घोषणा जारी: आर्टिकल 370 और 35A वापसी का वादा, मुफ्ती बोलीं- कांग्रेस हमारा एजेंडा माने तो गठबंधन को तैयार,

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और PDP चीफ महबूबा मुफ्ती ने शनिवार (24 अगस्त) को पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के स्पेशल स्टेटस से जुड़े आर्टिकल 370 और 35A की वापसी के प्रयास और पाकिस्तान से ट्रेड दोबारा शुरू करने का वादा किया। पूरी खबर पढ़ें…








![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











