किश्तवाड़ जिले के ऊंचाई वाले इलाके के सुदूर जंगलों में रविवार को शुरू हुई पाकिस्तानी आतंकियों से भीषण मुठभेड़ में सेना के आठ जवान घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक जवान को एयरलिफ्ट कर उधमपुर कमांड हॉस्पिटल ले जाया गया। दोनों ओर से कई घंटों तक भीषण गोलीबारी हुई। फिलहाल गोलीबारी रुक गई है। आतंकवादियों को मार गिराने और घेराबंदी को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बल भेजे गए हैं। आतंकी भागने न पाएं इसके लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सवा 11 बजे जंगल में चल रहे तलाशी एवं घेराबंदी अभियान के दौरान सोननाड़-सिंहपोरा, छात्रू के जंगल में घात लगाए बैठे दो से तीन विदेशी आतंकवादियों के एक समूह से सुरक्षाबलों का सामना हो गया। सूत्रों का कहना है कि ये आतंकी पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से संबंधित हैं। आतंकवादियों ने जवानों को देखते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों की घेराबंदी तोड़ने के लिए कुछ ग्रेनेड भी फेंके।
सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी को और कड़ा करने के लिए सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस से अतिरिक्त बल भेजे गए। अधिकारियों ने बताया कि शाम 5.40 बजे तक दोनों पक्षों के बीच रुक-रुककर गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ में आठ सैनिक घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक जवान को एयरलिफ्ट कर उधमपुर कमांड हॉस्पिटल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से ज्यादातर को ग्रेनेड के स्प्लिंटर लगने से चोटें आई हैं। आतंकवादियों का खात्मा करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान जारी है। अभियान में तेजी लाने के लिए ड्रोन सहित उन्नत निगरानी उपकरण और खोजी कुत्ते तैनात किए गए हैं। पूरे इलाके को घेरकर संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है




























