तेलअवीव11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अल-कसम बिग्रेड ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव में रविवार को एक बड़ा मिसाइल हमला किया (फाइल)
हमास की अल-कासिम बिग्रेड ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव में रविवार को एक बड़ा मिसाइल हमला किया है। सोशल मीडिया पर एक बयान में हमास की रक्षा शाखा अल-कासिम बिग्रेड ने कहा कि इजराइली नरसंहार के जवाब में ये कार्रवाई हुई है। बाद में इजराइली सेना ने भी माना कि राफा से 8 रॉकेट दागे गए।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इसे जनवरी के बाद से इजराइल पर हमास का पहला बड़ा हमला माना जा रहा है। हमास अल-अक्सा टीवी ने बताया कि रॉकेट हमले गाजा पट्टी से किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली सेना ने संभावित हमलों की चेतावनी देते हुए कई शहरों में सायरन बजाया।
इजराइली सेना ने माना- हमास ने दागे 8 रॉकेट
पिछले 5 महीने से तेल अवीव में कभी सायरन की आवाज नहीं सुनी गई थी। ऐसे में आज अचानक सायरन बजने को लेकर इजराइली सेना ने शुरुआत में कोई खास जानकारी नहीं दी थी। लेकिन बाद में उसने कहा कि 8 रॉकेट हमले किए गए थे।
सेना ने कहा कि राफा से हमले सेंट्रल इजराइल पर किए गए थे। वे इनमें से कई हमलों को रोकने में सफल हुए। इस बीच इजराइली इमरजेंसी मेडिकल सर्विस ने कहा है कि उन्हें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
इजराइली सैनिकों को बंधक बनाने का किया था दावा
इससे पहले शनिवार को अल-कासिम बिग्रेड ने इजराइली सेना को गाजा में कई इजराइली सैनिकों के बंधक बनाए जाने का दावा किया था। शनिवार को हमास की अल-कासिम ब्रिगेड के प्रवक्ता अबु उबैदा ने एक रिकॉर्डेड मैसेज के जरिए इसकी जानकारी दी।
हमास के प्रवक्ता उबैदा ने दावा किया था कि उसके लड़ाकों ने शनिवार को उत्तरी गाजा के जबालिया में लड़ाई के दौरान कई इजराइली सैनिकों को मार डाला है और कुछ को पकड़कर बंधक बना लिया है। हालांकि, कितने सैनिकों को अगवा किया गया है, इसकी जानकारी नहीं दी गई।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, उबैदा ने कहा कि हमलों के बीच हमारे लड़ाकों ने यहूदी फोर्स के लिए एक सुरंग में जाल बिछाया। जैसे ही वे टनल में दाखिल हुए हमने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान कुछ इजराइली सैनिक की मौत हो गई, वहीं कई घायल भी हुए। बाद में बाकी यहूदी फोर्स वहां से पीछे हट गई।

यह वीडियो हमास वे जारी किया। इसमें उसके लड़ाके सुरंग में एक इजराइली सैनिक को खींचकर ले जाते दिख रहे हैं।
हमास ने वीडियो भी जारी किया
हमास ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें उसके लड़ाके एक इजराइली सैनिक को सुरंग में खींचकर ले जाते दिख रहे हैं। वीडियो में सैनिक बुरी तरह से घायल है। हालांकि, अब तक इस वीडियो को वेरिफाई नहीं किया जा सका है। दूसरी तरफ, इजराइल ने हमास के दावों को खारिज कर दिया है।

वीडियो के एक हिस्से में इजराइली सैनिकों की यूनिफॉर्म और हथियार भी दिखाए गए। हमास ने दावा किया है कि उसने कई सैनिकों को बंधक बना रखा है।
इजराइल ने कहा- हमारे किसी सैनिक को बंधक नहीं बनाया गया
इस बीच इजराइली सेना ने हमास के दावे को खारिज कर दिया। इजरायली सेना ने रविवार को इस दावे का खंडन करते हुए कहा, आईडीएफ ये साफ करता है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हमारे किसी भी सैनिक का अपहरण नहीं किया गया है।
इजराइल की डिफेंस फोर्स (IDF) के प्रवक्ता डैनियल हगारी ने भी रविवार तड़के सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए सफाई दी। उन्होंने कहा कि हमास ने किसी भी सैनिक को अगवा नहीं किया है।

























