इस्लामाबाद4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पाकिस्तान की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की बैठक गुरुवार को हुई।
पहलगाम हमले के बाद भारत के कड़े फैसलों के जवाब में पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच सभी द्विपक्षीय समझौते स्थगित करने की बात कही है। इसमें 1972 का शिमला समझौता भी शामिल है।
पाकिस्तान की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी (NCS) में गुरुवार को ये फैसले लिए गए। इसकी अध्यक्षता पीएम शहबाज शरीफ ने की। एक दिन पहले भारत ने भी सिंधु जल समझौता स्थगित करने समेत 5 बड़े फैसले लिए थे।
पाकिस्तान ने कहा कि अगर भारत सिंधु जल समझौते को रोकता है तो इसे एक्ट ऑफ वॉर यानी जंग की तरह माना जाएगा। पाकिस्तान ने कहा, पाकिस्तान की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए किसी भी खतरे का सभी क्षेत्रों में मजबूती से जवाब दिया जाएगा। हम किसी भी आतंकवादी गतिविधि की निंदा करते हैं।

मीटिंग में पीएम शहबाज शरीफ, आर्मी चीफ आसिम मुनीर और अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारी शामिल हुए।
NCS की मीटिंग में क्या-क्या फैसले लिए गए
- उप प्रधानमंत्री इशाक डार और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया, ‘पाकिस्तान ने सिंधु जल समझौते को रोकने के भारत के फैसले को खारिज किया। यह समझौता वर्ल्ड बैंक की मध्यस्थता में हुआ एक अंतरराष्ट्रीय संधि है। एकतरफा सस्पेंड नहीं किया जा सकता।
- अगर भारत ने सिंधु नदी का पानी रोकने या दिशा मोड़ने की कोशिश की तो इसे एक्ट ऑफ वॉर (जंग की तरह) माना जाएगा और पूरी ताकत से जवाब देंगे।
- पाकिस्तान ने भारत के साथ सभी द्विपक्षीय समझौते स्थगित करने की धमकी दी। इसमें शिमला समझौता भी शामिल है।
- वाघा बॉर्डर तत्काल प्रभाव से बंद।
- SAARC वीजा योजना के तहत सभी भारतीय नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। सिर्फ सिख तीर्थयात्रियों को छूट रहेगी, बाकी भारतीयों को 48 घंटे में पाकिस्तान छोड़ने का आदेश।
- भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को पर्सोना नॉन ग्राटा (अवांछनीय व्यक्ति) घोषित कर पाकिस्तान छोड़ने का आदेश दिया है। पाकिस्तान स्थित भारतीय हाई कमीशन का स्टाफ घटाकर 30 कर दिया।
- भारतीय एयरलाइनों के लिए पाकिस्तान का एयरस्पेस तत्काल प्रभाव से बंद।
- पाकिस्तान ने भारत के साथ सभी तरह का व्यापार सस्पेंड कर दिया है, जिसमें तीसरे देशों के जरिए होने वाले व्यापार भी शामिल है।
क्या है शिमला समझौता?
शिमला समझौता (Shimla Agreement) भारत और पाकिस्तान के बीच 2 जुलाई 1972 को हुआ था। इस द्विपक्षीय समझौते पर भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति (बाद में प्रधानमंत्री बने) जुल्फिकार अली भुट्टो ने साइन किए थे।
यह समझौता 1971 के भारत-पाक युद्ध के बाद हुआ था। इस युद्ध में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था और उसके 90,000 से ज्यादा सैनिक भारत के कब्जे में थे।

भारत ने देर रात पाकिस्तानी राजनयिक को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ नोट सौंपा
भारत सरकार ने बुधवार देर रात पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक साद अहमद वराइच को दिल्ली में तलब किया और उनके सैन्य राजनयिकों के खिलाफ ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ का आधिकारिक नोट सौंपा। उन्हें एक सप्ताह के भीतर भारत छोड़ना होगा।
‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ का मतलब ‘अवांछनीय व्यक्ति’ है। यह एक लैटिन शब्द है। इसका उपयोग ऐसे व्यक्ति के लिए किया जाता है, जिसे किसी देश में रहने या आने की अनुमति नहीं है। यह आमतौर पर डिप्लोमैटिक मामलों में इस्तेमाल किया जाता है।

पाकिस्तान ने मिसाइल टेस्ट का ऐलान किया
पाकिस्तान ने 24-25 अप्रैल को कराची तट से दूर अपने विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के भीतर अपनी तटरेखा पर सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण करने के लिए अधिसूचना जारी की है।
भारत की जवाबी कार्रवाई के डर से पाकिस्तानी एयरफोर्स ने बुधवार रात खौफ के साये में काटी। 18 फाइटर जेट कराची एयरबेस से भारत से लगी सीमा की ओर एयरफोर्स स्टेशनों पर भेजे गए हैं।
केंद्र सरकार ने पाकिस्तान सरकार के X हैंडल को भारत में बैन कर दिया है। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्हें जम्मू-कश्मीर न जाने की सलाह दी गई है।
पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर में हमला कहां हुआ, ग्राफिक्स से समझें

—————————-
पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
पाकिस्तान का सैफुल्लाह खालिद पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड:PoK से ऑपरेट कर रहा; कहा था- पाकिस्तान सरकार कश्मीर मुद्दा ठंडा न पड़ने दे

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर आतंकी हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के यूनिट द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। इंटेलिजेंस का दावा है कि TRF आतंकी सैफुल्लाह खालिद पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
पहलगाम में टूरिस्ट पर हमले के 33 PHOTOS:हनीमून पर गए युवक का धर्म पूछकर सिर में गोली मारी, पत्नी बिलखती रही; 27 मौतें

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर आतंकी हमले में 27 पर्यटक मारे गए। घटना बैसरन घाटी की है। यह पहलगाम शहर से 6 किलोमीटर दूर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने हनीमून मनाने गए यूपी के शुभम से नाम पूछा, फिर गोली मार दी। पूरी खबर यहां पढ़ें…


























