तेल अवीव4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ये सभी सैनिक नेमर नाम के बख्तरबंद कॉम्बैट इंजीनियरिंग व्हीकल (CEV) के अंदर थे। ब्लास्ट में कोई जिंदा नहीं बचा।
दक्षिणी गाजा के राफा इलाके में शनिवार को हुए विस्फोट में 8 इजराइली सैनिक मारे गए। इजराइल डिफेंस फोर्स के मुताबिक, 7 अक्टूबर के बाद यह पहला ऐसा हादसा है जिसमें इतनी बड़ी संख्या में सैनिक मारे गए हैं। ये सभी सैनिक नेमर नाम के बख्तरबंद कॉम्बैट इंजीनियरिंग व्हीकल (CEV) के अंदर थे। ब्लास्ट में कोई जिंदा नहीं बचा।
IDF ने बताया कि हादसा स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। राफा के तल अल-सुल्तान इलाके के उत्तरपश्चिमी हिस्से में हमास के आतंकी ठिकानों को तबाह करने निकली इजराइली सेना की एक टुकड़ी करीब 50 आतंकियों को मारकर लौट रही थी। तभी काफिले का एक वाहन ब्लास्ट की चपेट में आ गया।
IDF के प्रवक्ता डेनियल हैगरी ने बताया कि अब तक हमें जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक शायद यह ब्लास्ट इलाके में प्लांट किए गए विस्फोटकों में हुआ या सेना के काफिले की तरफ एंटी-टैंक मिसाइल फायर की गई थी। ब्लास्ट इतना भीषण था कि मरने वाले सैनिकों में से सिर्फ एक की पहचान हो सकी है।

मारे गए एक सैनिक की पहचान इंजीनियरिंग बटालिसन के डिप्टी कंपनी कमांडी कैप्टन वसीम महमूद के तौर पर हुई है।
CEV के बाहर स्टोर किए गए विस्फोटकों में ब्लास्ट की संभावना
डेनियल हैगरी ने कहा कि इस संभावना की भी जांच की जा रही है कि कॉम्बैट इंजीनियरिंग व्हीकल के बाहर की तरफ स्टोर किए गए विस्फोटकों में ब्लास्ट हुआ हो। आमतौर पर किसी कॉम्बैट इंजीनियरिंग व्हीकल के बाहर की तरफ स्टोर किए गए एक्सप्लोसिव में अगर ब्लास्ट होता भी है तो उससे अंदर बैठे सैनिक घायल नहीं होते हैं।
हैगरी ने यह भी बताया कि जांच में यह सामने आया है कि विस्फोट के दौरान गनफायर नहीं हुआ और वाहन एक जगह रुका नहीं था। इस हादसे के बाद इजराइल के रक्षा मंत्रालय और IDF से एक्सपर्ट्स की एक टीम व्हीकल की जांच करेगी और इस ब्लास्ट के सही कारणों का पता लगाएगी।

जनवरी 2023 में एक ड्रिल के दौरान नमेर कॉम्बैट इंजीनियरिंग व्हीकल।



























