अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के “ना रिटायर्ड और ना टायर्ड” के बयान पर प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने तंज कसा है। चौटाला ने कहा कि ये फैसला तो जनता के हाथ में होता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चार राज्यों के चुनाव परिणाम में “ना रिटायर्ड और ना टायर्ड” कैटेगरी के नेताओं को जनता ने बाहर का रास्ता दिखाया है।
वहीं, विपक्षी दलों के गठबंधन के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कई दौर की बैठकों के बावजूद भी विपक्षी दलों में कोई सहमति नहीं बनी और न ही आने वाले समय में विपक्षियों में सीट शेयरिंग पर कोई सहमति बनती दिख रही है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में कहा कि जजपा ने छह लोकसभा क्षेत्रों में सफल रैलियां की हैं और बचे लोकसभा क्षेत्रों में भी जल्द रैलियां की जाएंगी। पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह से चुनाव तैयारियों में लगे हुए हैं। चौटाला ने एक सवाल के जवाब में वन नेशन वन इलेक्शन का भी समर्थन किया। गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व सीएम हुड्डा को लेकर कहा था कि वह 76 साल के हो गए हैं, इसलिए उनको किसी और को मौका देना चाहिए। इसके जवाब में पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा था कि न तो टायर्ड हैं और न ही रिटायर्ड हुए हैं, वह एक आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।




























