6 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक

नमस्कार,
कल की बड़ी खबर अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह से जुड़ी रही। कांग्रेस ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है। एक खबर महाराष्ट्र में जून 2022 से चल रहे सियासी उठापठक की रही, शिवसेना विधायकों की अयोग्यता से जुड़े मामले पर विधानसभा स्पीकर ने फैसला सुनाया।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- दिल्ली हाईकोर्ट में सुनहरी बाग मस्जिद ढहाए जाने के NDMC के नोटिस के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई होगी। यह मस्जिद 172 साल पुरानी है।
- भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मोहाली में होगा।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. महाराष्ट्र में शिंदे समेत 16 की विधायकी बरकरार, स्पीकर ने कहा- उनका गुट ही असली शिवसेना

स्पीकर के फैसला सुनाने के बाद मुंबई में शिंदे गुट की शिवसेना के ऑफिस के बाहर जश्न मनाते कार्यकर्ता।
महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर ने शिवसेना के दोनों गुटों की वह अपील खारिज कर दी, जिनमें मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत 16 विधायकों और उद्धव गुट के 14 विधायकों को अयोग्य घोषित करने की मांग की गई थी। स्पीकर ने कहा कि शिंदे गुट ही असली शिवसेना है। यानी एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उद्धव ठाकरे ने इस फैसले को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है।
स्पीकर के फैसले की अहम बातें: शिंदे के पास शिवसेना के 55 में से 37 विधायक हैं। उनके नेतृत्व वाला गुट ही असली शिवसेना है। चुनाव आयोग ने भी यही फैसला दिया था। शिंदे को विधायक दल के नेता पद से हटाने का फैसला उद्धव का था, पार्टी का नहीं। शिवसेना संविधान के अनुसार पार्टी के प्रमुख अकेले किसी को पार्टी से नहीं निकाल सकते।
किस आधार पर फैसला दिया: स्पीकर ने अपना फैसला शिवसेना के 1999 के संविधान के आधार दिया। 2018 का संशोधित संविधान चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में नहीं है, इसलिए उसे मान्य नहीं किया गया। 21 जून 2022 को फूट के बाद शिंदे गुट ही असली शिवसेना था। उद्धव गुट के सुनील प्रभु का व्हिप उस तारीख के बाद लागू नहीं होता है, इसीलिए व्हिप के तौर पर भरत गोगावले की नियुक्ति सही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल नहीं होगी कांग्रेस, इसे भाजपा-RSS का पॉलिटिकल इवेंट बताया
कांग्रेस ने 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार किया है। सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन समेत सभी कांग्रेस नेता इस कार्यक्रम में नहीं जाएंगे। पार्टी का आरोप है कि यह कार्यक्रम भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए आयोजित किया है। BJP और RSS ने मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम को अपना इवेंट बना लिया है। इसलिए इवेंट का निमंत्रण ससम्मान ठुकरा दिया है।
21 दिसंबर को न्योता भेजा गया था: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी और अधीर रंजन चौधरी को 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह के लिए न्योता मिला था। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण भेजा था।
भाजपा बोली- कांग्रेस का दिमाग खराब: कांग्रेस के निमंत्रण ठुकराए जाने पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, ‘उनका दिमाग ठीक उसी तरह खराब हो गया है जैसा कि त्रेता युग में रावण का हो गया था। जो लोग समारोह में शामिल नहीं होंगे, जीवन भर पछताएंगे।’ वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘अगर उन्होंने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को बॉयकॉट करने का फैसला लिया है तो देश की जनता आगामी लोकसभा चुनाव में उन्हें बॉयकॉट करेगी।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. पाकिस्तान बोला- बालाकोट जैसी स्ट्राइक की तो जवाब देंगे, भारतीय विमानों को मार गिराएंगे

तस्वीर पाकिस्तान के केयरटेकर PM अनवार-उल-हक काकड़ की है। काकड़ ने 9 अगस्त 2023 को पद संभाला था। (फाइल फोटो)।
पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवार-उल-हक काकड़ ने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव से पहले भारत ने 2019 के बालाकोट स्ट्राइक जैसा हमला किया तो हम इसका जवाब देंगे। काकड़ ने कहा- हम उनके विमानों पर हमला करेंगे। हमारी गोलियां या हमारा संकल्प, कुछ भी पुराना नहीं हुआ है।
पुलवामा हमले के बाद भारत की एयरस्ट्राइक: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को CRPF के काफिले पर आतंकी हमला हुआ था। जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके 2 हफ्ते बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के ट्रेनिंग कैंप्स पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. दुनिया की पहली ट्रांसपेरेंट स्मार्ट टीवी की लॉन्चिंग, अगले साल से मिलने लगेगी फ्लाइंग कार

लेनोवो ने टू इन वन लैपटॉप ‘थिंकबुक प्लस जेन 5 हाइब्रिड’ पेश किया है
अमेरिका के लास वेगास में साल का सबसे बड़ा टेक इवेंट ‘कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो’ (CES) शुरू हुआ है। 3 दिन तक चलने वाले इवेंट के पहले दिन साउथ कोरियन कंपनी LG ने दुनिया की पहली ट्रांसपेरेंट टीवी पेश की। इसके अलावा ‘XPeng एयरो’ ने फ्लाइंग कार लॉन्च की। अगले साल से बड़े पैमाने पर इसका प्रोडक्शन शुरू होगा। वहीं रोबोटिक्स कंपनी ऑगमैन ने पालतू जानवर का खयाल रखने वाला AI रोबोट पेश किया।
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो क्या है: यह दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स शो है। नए गैजेट्स और टेक्नोलॉजी पर बेस्ड इस इवेंट की चर्चा सालभर रहती है। इवेंट में कई कंपनियां और स्टार्टअप्स नए प्रोडक्ट्स लॉन्च करती हैं। इस शो का पहला आयोजन 1967 में न्यूयॉर्क सिटी में हुआ था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. मालदीव का टूरिज्म एसोसिएशन बोला- भारतीय हमारे भाई-बहन, EaseMyTrip से यात्रा फिर शुरू कराने की अपील

तस्वीर मालदीव के टूरिज्म एसोसिएशन की तरफ से ‘ईज माय ट्रिप’ को लिखे लेटर की है।
मालदीव की टूरिज्म बॉडी ने भारत की ईज माय ट्रिप (EaseMyTrip) कंपनी से मालदीव की यात्रा के लिए फिर से फ्लाइट बुकिंग शुरू करने की अपील की है। मालदीव एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल ऑपरेटर्स (MATATO) ने कहा- भारतीय हमारे लिए भाई-बहन जैसे हैं। हम ईज माय ट्रिप से अपील करते हैं कि वो भारत को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर ध्यान न दें। यह बयान मालदीव के लोगों की भावनाओं को नहीं दर्शाता है। हम इसके लिए माफी मांगते हैं।
राष्ट्रपति मुइज्जू बोले- चीन ज्यादा से ज्यादा पर्यटक भेजे: मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जु पांच दिन के दौरे पर चीन पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, ‘चीन हमारा खास सहयोगी और डेवलपमेंट पार्टनर है। हम चाहते हैं कि यहां के ज्यादा टूरिस्ट मालदीव आएं।’ दोनों देशों के बीच हिंद महासागर में टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 50 मिलियन डॉलर के समझौते भी हुए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. मणिपुर सरकार ने कांग्रेस की यात्रा को मंजूरी दी, सीमित संख्या में लोगों के शामिल होने की अनुमति

मणिपुर सरकार ने कांग्रेस को इंफाल ईस्ट जिले से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ निकालने की अनुमति दे दी है। हालांकि इसमें सीमित संख्या में ही लोगों को शामिल होने को कहा गया है। इससे पहले 2 जनवरी को राज्य सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
14 राज्यों से होकर गुजरेगी: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 राज्यों और 85 जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान राहुल गांधी पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे। यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- नेशनल: मोदी बोले- भारत 25-साल के लक्ष्य पर काम कर रहा: वाइब्रेंट गुजरात समिट का उद्घाटन किया, अडाणी 5 साल में 2 लाख करोड़ निवेश करेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
- नेशनल: हिट एंड रन कानून के विरोध में फिर हड़ताल: MP, बिहार, हरियाणा के कुछ जिलों में विरोध जारी; छत्तीसगढ़ में हड़ताल वापस ली गई (पढ़ें पूरी खबर)
- स्पोर्ट्स: अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी-20 नहीं खेलेंगे कोहली: कोच द्रविड़ ने कहा- रोहित के साथ ओपन करेंगे जायसवाल (पढ़ें पूरी खबर)
- क्राइम: पुलिस बोली- महिला CEO ने बच्चे का मर्डर प्लान किया: होटल में कफ सिरप की हैवी डोज दी, पोस्टमॉर्टम में दम घुटने से मौत की बात (पढ़ें पूरी खबर)
- इंटरनेशनल: पाकिस्तान की जेल में कैद 26/11 हमलों का मास्टरमाइंड हाफिज सईद: UN रिपोर्ट में पुष्टि; टेरर फंडिंग मामलों में 78 साल की सजा काट रहा आतंकी (पढ़ें पूरी खबर)
- इंटरनेशनल: मौत के 1 साल बाद मुशर्रफ को सजा-ए-मौत: मुल्क से गद्दारी मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला; 2007 में PAK में इमरजेंसी लगाई थी (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…
लाल चींटी वाली चटनी को GI टैग मिला

ओडिशा की लाल चींटी की चटनी को GI यानी जियोग्राफिकल इंडिकेशन टैग दिया गया है। यह चटनी मुख्य तौर पर ओडिशा के मयूरभंज में खाई जाती है। इसे बनाने में चींटी के अंडों का भी इस्तेमाल होता है। यह स्वाद में काफी तीखी होती है। पहले चींटियों को लहसुन और हरी मिर्च के साथ पीसकर सुखाया जाता है। इसके बाद टमाटर, धनिया, नमक और मिर्च डालकर तैयार किया जाता है।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
- क्या लद्दाख से हटाया 1962 जंग के हीरो का मेमोरियल:’ बैटल ऑफ रेजांगला’ में राजस्थान के सपूत की शौर्यगाथा और दावे की हकीकत
- सामने बैठने के पैसे लेते हैं आलिम हकीम: इनके कस्टमर्स में अमिताभ, सलमान, धोनी और कोहली भी; कभी हज्जाम बनेगा कहकर चिढ़ाते थे दोस्त
- बेटा डॉक्टर, बेटी इंस्पेक्टर, दामाद IPS: 24 साल से सड़क पर किताबें बेच रही, यही मेरी जिंदगी है
- राम जन्मभूमि का इतिहास: एपिसोड-3… कब शुरू हुआ राम मंदिर विवाद:मस्जिद बनने के 300 साल बाद पहली बार झगड़ा, ब्रिटिशराज में नहीं सुलझा विवाद
- राजस्थान में सबसे कम दिन के मंत्री टीटी, सीएम हीरालाल: शेखावत-गहलोत बिना चुनाव जीते बने थे मुख्यमंत्री; एक मिनिस्टर को इलेक्शन के लिए नहीं मिली सीट
- MP की नई सरकार में 1.57 लाख ‘लाड़ली बहना’ घटीं: सरकार ने बताए 3 कारण, कांग्रेस ने कहा-चुनावी पाखंड था, जिसका रंग उतरने लगा
- भारत-अफगानिस्तान पहला टी-20 आज: अफगान टीम ने इस फॉर्मेट में 63% मैच जीते; भारत के खिलाफ पहली जीत का इंतजार
- पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा:भारत में हैं मालदीव से बेहतर कई आइलैंड, इन द्वीपों पर प्लान करें टूर ट्रिप




आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…



























