हर गांव का नक्शा वेबसाइट पर होगा अपलोड, शिकायतों का ऑनलाइन हो सकेगा निपटारा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गांवों में प्रॉपर्टी आईडी संबंधी आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए वीडियो कॉफ्रेंसिंग से सभी उपायुक्तों के साथ एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी को निर्देश दिया कि प्रत्येक गांव का नक्शा विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करें, ताकि हर कोई अपनी प्रॉपर्टी आईडी को चेक कर सकें। उन्होंने इस संबंध में एसओपी बनाने के भी निर्देश दिए ताकि उपायुक्तों और जिला के अन्य अधिकारियों को कार्य में आसानी हो सके। उन्होंने बताया कि सरकार ऐसा सिस्टम तैयार करने जा रही है, जिससे कि प्रॉपर्टी आईडी के मामले में विदेशों में रहने वाले लोगों की आने वाली शिकायतों की व्हाट्सएप या अन्य ऑनलाइन संसाधनों से सुनवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से करनाल के सिरसी गांव में पूरे गांव की प्रॉपर्टी आईडी बनाई गई है, ठीक उसी तरह हर गांव की प्रॉपटी आईडी बननी चाहिए। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को मुख्यालय स्तर पर एक कंट्रोल रूम बनाने के भी निर्देश दिए ताकि प्रॉपर्टी आईडी बनाने के मामले में जिला स्तर के अधिकारियों को सहयोग दिया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि वह गांव में पंचायत के साथ बैठकर किसी सार्वजनिक स्थान पर प्रॉपर्टी आईडी समेत संबंधित गांव का नक्शा प्रदर्शित करें ताकि लोग आईडी में देख सकें कि उनकी प्रॉपर्टी उनके ही नाम है या नहीं? अगर किसी को इसमें आपत्ति है तो जल्द से जल्द इसका निवारण किया जाए। उन्होंने प्रदेश के सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के तहत बनाई जाने वाली प्रॉपर्टी आईडी सही जांच-पड़ताल के बाद असली मालिक के नाम ही बनाएं, इसमें जो आपत्तियां आती हैं उनका पहले निवारण करें तत्पश्चात ही इनकी रजिस्ट्री शुरू की जाएं। चौटाला ने उपायुक्तों को जमीनों की खेवट के बंटवारे को भी पारदर्शी तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम और डीआरओ के माध्यम से की जाने वाली रजिस्ट्रियों के मामले में भी आवश्यक दिशा -निर्देश दिए। उन्होंने उपायुक्तों को मासिक आधार पर इस बारे समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर राज्य मंत्री अनूप धानक, वित्तायुक्त टीवीएसएन प्रसाद, विशेष सचिव आमना तसनीम, उपमुख्यमंत्री के ओएसडी कमलेश भादू समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



























