
धरने को संबोधित करते सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
माल रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह उर्फ मेला की हत्या से बठिंडा में रोष है। रविवार को कारोबारियों ने माल रोड को पूर्ण तौर पर बंद किया और हाईवे पर धरना दिया। धरने में शामिल होने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी पहुंचे। वहीं सूचना है कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू भी बठिंडा पहुंचेंगे। धरने पर बैठे कारोबारियों का कहना है कि जब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जाता, तब तक धरना जारी रहेगा।
हत्यारों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
शनिवार शाम पांच बजे अपनी दुकान के बाहर बैठे मॉल रोड एसोसिएशन के अध्यक्ष कारोबारी हरजिंदर सिंह उर्फ मेला की बाइक सवार दो हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हमलावरों ने उन्हें छह गोलियां मारी थीं। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन जान नहीं बची। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल से पुलिस को गोलियों के छह खोल मिले हैं। ये खोल 9 एमएम पिस्टल के बताए जा रहे हैं। एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि पूरे जिले में नाकाबंदी की गई है।
पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद
सूत्रों से पता चला है कि हरजिंदर सिंह उर्फ मेला का शहर के दो प्रमुख लोगों के साथ विवाद चल रहा था। इसके चलते उक्त दोनों संदेह के घेरे में हैं। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। सूत्रों ने बताया कि पार्किंग को लेकर पिछले दिनों में हरजिंदर का किसी से विवाद भी हुआ था।




























