ढाका/कोलकाता13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बांग्लादेशी सांसद के शव की तलाश में बंगाल पुलिस ने लगातार दूसरे दिन भांगर क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।
भारत में बांग्लादेशी सांसद अनवारुल आजिम अनार की हत्या के मामले में CID को कोलकाता के न्यू टाउन फ्लैट से 600 ग्राम के सैकड़ों प्लास्टिक बैग मिले हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने टॉयलेट पेपर, टिशू पेपर, दस्ताने और शिलास्ती रहमान के नाम का बोर्डिंग पास बरामद किया है।
शिलास्ती वही महिला है जो CCTV फुटेज में अनवारुल के साथ फ्लैट में जाती नजर आई थी। CID ने गिरफ्तार आरोपी जिहाद हवलदार के हवाले से बताया कि अनवारुल के फ्लैट में घुसने के 15 मिनट में ही पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। उसे बेहोश करने के लिए क्लोरोफॉर्म का इस्तेमाल किया गया था।
इसके बाद एक तकिए की मदद से दम घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। फिर आरोपी जिहाद ने कसाई वाले चाकू और ब्लेड की मदद से उसके शव के टुकड़े किए। रिपोर्ट के मुताबिक, CID ने बताया कि आरोपी शव के टुकड़ों को प्लास्टिक बैग में भरकर सूटकेस में छिपाकर ले गए थे। इसके अलावा फ्लैट से ब्लीचिंग पाउडर भी बरामद हुआ है।

कोलकाता के साउथ 24 परगना में पानी में शव के टुकड़े तलाशते डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप के डाइवर्स।
बांग्लादेश में 3 आरोपियों को 8 दिन की रिमांड पर भेजा गया
इससे पहले आरोपी हवलदार ने शुक्रवार को बताया था कि ‘सांसद की हत्या के बाद उनके शरीर से चमड़ी हटाई गई, मांस निकाला गया और फिर लाश के टुकड़े किए गए। इन टुकड़ों को बैग में भरकर शहर के अलग-अलग इलाकों में फेंका गया।’
हालांकि पुलिस को अब तक उनकी लाश या उनकी बॉडी के टुकड़े नहीं मिले हैं। पुलिस पिछले 4 दिन से कोलकाता के अलग-अलग इलाकों में इनकी तलाश कर रही है। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि सांसद की हत्या में कितने लोग शामिल हैं। दूसरी तरफ, ढाका से गिरफ्तार हुए 3 आरोपियों को 8 दिन की रिमांड पर भेजा गया है।
अनवारुल बुधवार (22 मई) को लापता हो गए थे। इसके बाद पुलिस की एक टीम उनके न्यू टाउन फ्लैट पहुंची थी। यहां शिलास्ती का बोर्डिंग पास मिलने के बाद पुलिस वहां से चली गई थी। इसी बीच बांग्लादेश की सरकार ने घोषणा कर दी थी कि सांसद अनवारुल की हत्या हो गई है। फिर फोरेंसिक की एक टीम बुधवार को ही फ्लैट पर पहुंची। यहां जूतों के पास और ड्रॉइंग रूम में खून के धब्बे मिले थे।

पश्चिम बंगाल पुलिस ने लाल रंग की एक कार बरामद की थी, जो सांसद की हत्या के केस से जुड़ी है। फोरेंसिक टीम ने इसकी जांच भी की थी।
प्लास्टिक बैग, सूटकेस ले जाते दिखे थे आरोपी
ढाका में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी पर कोलकाता से 4 सदस्यीय एक टीम बांग्लादेश गई, जहां उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की। इस बीच फ्लैट के बाहर का CCTV फुटेज भी सामने आया। इसमें जिहाद हवलदार समेत दो आरोपी प्लास्टिक बैग और सूटकेस ले जाते दिखाई दिए।
अनवारुल इलाज के लिए 12 मई को कोलकाता आए थे। अगले दिन दोपहर 1.41 बजे वह डॉक्टर से मिलने की बात कहकर वहां से रवाना हो गए थे। शाम को उन्होंने अपने परिजन से कहा था कि वे दिल्ली जा रहे हैं। इसके बाद से वे लापता हो गए थे। पुलिस इस मामले में हनी ट्रैप वाले एंगल से भी जांच कर रही है।
पुलिस को शक है कि अनवारुल की हत्या में एक महिला भी शामिल है, जिसने सांसद को अपने जाल में फंसाया और कोलकाता बुलाया। इससे पहले 23 मई को शुरुआती जांच में CID ने बताया था कि बांग्लादेशी सांसद का मर्डर उनके अमेरिकी दोस्त अख्तरुज्जमां ने कराया। इसके लिए 5 करोड़ रुपए की सुपारी दी गई। अख्तरुज्जमां का कोलकाता में ही एक फ्लैट भी है।

अनवारुल अजीम अनार प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग पार्टी से सांसद थे। वे जेनैदाह-4 सीट से 2014, 2018 और 2024 में चुनाव जीते। (फाइल)
यह खबर भी पढ़ें…
बांग्लादेशी सांसद मर्डर केस, CCTV सामने आया:दावा- 2 आरोपी बैग ले जाते दिखे, इसमें लाश की आशंका; हनी ट्रैप एंगल से भी जांच

बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार के मर्डर मामले में नया खुलासा हुआ है। कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार एक आरोपी जिहाद हवलदार के हवाले से बताया, ‘सांसद की हत्या के बाद उनके शरीर से चमड़ी हटाई गई, मांस निकाला गया और फिर लाश के टुकड़े किए गए। इन टुकड़ों को बैग में भरकर शहर के अलग-अलग इलाके में फेंका गया।’ पूरी खबर पढ़ें…


























