ढाका10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बांग्लादेशी वायुसेना का F-7 BGI विमान स्कूल के ढाका के माइलस्टोन स्कूल के ऊपर क्रैश हो गया।
बांग्लादेश में ढाका स्थित माइलस्टोन स्कूल एवं कॉलेज परिसर पर सोमवार को वायुसेना का ट्रेनर विमान F-7 BGI गिरने से स्कूली बच्चों समेत 20 लोगों की मौत हो गई। जबकि 171 से ज्यादा लोग घायल हैं।
मरने वालों में 16 छात्र, 2 शिक्षक शामिल हैं। बांग्लादेश सेना के अनुसार, दुर्घटना में चीन में बने F-7 BGI विमान का पायलट भी मारा गया।
एक अन्य मृतक से जुड़ी जानकारियां अभी नहीं मिली है। एक अन्य मृतक से जुड़ी जानकारियां अभी नहीं मिली है।
60 से ज्यादा घायलों को बर्न इंस्टीट्यूट रेफर कर दिया गया है। 25 से ज्यादा छात्रों की हालत गंभीर बनी हुई है। मामूली रूप से घायल कई लोगों का उत्तरा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। हादसे के समय स्कूल में क्लासेस चल रही थीं और सैकड़ों छात्र वहां मौजूद थे।
बांग्लादेशी सेना ने F-7 BGI विमान के क्रैश होने की पुष्टि की है। सेना ने कहा- दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई। पायलट ने विमान को आबादी वाले इलाकों से दूर मोड़ने की कोशिशों की, लेकिन यह स्कूल से टकरा गया। वायु सेना ने उच्च-स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
विमान हादसे की तस्वीरें…

स्कूल परिसर में सोमवार को वायुसेना का ट्रेनर विमान F-7 BGI गिर गया। विमान का मलबा चारो ओर फैल गया।

हादसे के बाद सेना और फायर फाइटर ने आग पर काबू पाया और राहत और बचाव कार्य में भी जुटी है।

बांग्लादेश एयरफोर्स का F-7 BGI विमान सोमवार दोपहर करीब 1 बजे स्कूल के ऊपर गिरा।

विमान से आग की लपटें उठीं और कैंपस में धुआं फैल गया। घटना के बाद स्कूल से भागते छात्र।

हादसे में घायल हुई एक महिला को स्कूल कैंपस से हाथठेले पर अस्पताल ले जाया गया।

एयरक्राफ्ट में लगी आग को बुझाने के लिए फायरब्रिगेड कर्मचारियों को बेहद मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे के बाद बांग्लादेशी सेना स्कूल कैंपस में तैनात है। सेना राहत और बचाव कार्य में भी जुटी है।

स्कूल के बाहर हालात जानने के लिए बेचैन स्कूली छात्रों के परिजन और लोग।
हादसे में पायलट लेफ्टिनेंट मोहम्मद तौकीर इस्लाम की मौत
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने पुष्टि की है कि फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद तौकीर इस्लाम विमान के पायलट थे।
माइलस्टोन स्कूल में दुर्घटनाग्रस्त हुए एफ-7बीजीआई लड़ाकू विमान में बीएएफ बेस कुर्मिटोला से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई थी।
जिसके बाद पायलट ने विमान को दूर ले जाने की कोशिश की लेकिन यह स्कूल की इमारत से टकरा गया। पायलट की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
अस्पतालों के बाहर ब्लड डोनेट करने पहुंच रहे लोग
हादसे के बाद कई लोग अस्पताल के बाहर ब्लड डोनेट करने के लिए पहुंचे हैं। इन्हीं लोगों में शामिल एक महिला ने कहा-

छोटे बच्चे मर रहे हैं। हम तो बस थोड़ा सा खून ही दे सकते हैं।


महिला ने कहा कि ब्लड डोनेट करने में डरने की कोई बात नहीं है।
ब्लड डोनेट करने के लिए लाइन में खड़े दूसरे लोगों ने कहा कि

यहां छोटे बच्चे हैं। ये हमारे रिश्तेदार हो सकते थे, हमारे बच्चे हो सकते थे। इसलिए हम खून देने आए हैं।

हादसे के वक्त पास की इमारत में मौजूद छात्रों ने बताया कि प्लेन उनकी बिल्डिंग से टकराया और अगली बिल्डिंग के गेट के पास गिर गया। इससे तुरंत ही वहां आग लग गई।

परिजन बोले- अल्लाह ने मेरे दोनों बच्चों को छीन लिया

माइलस्टोन स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले दो चचेरे भाई हादसे के वक्त स्कूल के पास मौजूद थे। दोनों के माता-पिता फोन पर बात करते हुए बार-बार रो पड़ रहे थे।
दूसरी तरफ फायर सर्विस ने बताया है कि यह घटना दोपहर 1:18 बजे हुई और उनके यूनिट 1:22 बजे मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य में उत्तरा, टोंगी, पल्लबी, कूर्मिटोला, मीरपुर और पूर्वाचल के आठ फायर स्टेशन की 8 टीमें लगीं।

यूनुस और दुनिया के नेताओं ने दुख जताया
अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा

इस विमान हादसे में वायुसेना के सदस्य, माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के छात्र, अभिभावक, शिक्षक और कर्मचारी सहित जिन लोगों को नुकसान हुआ है, वह अपूरणीय है। यह देश के लिए एक बेहद दुखद क्षण है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

भारत-अमेरिका ने दुख जताया
कई देशों ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है और बांग्लादेश के साथ एकजुटता व्यक्त की है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत जानमाल के नुकसान से गहरा स्तब्ध और दुखी है और हर संभव सहायता और सहयोग देने का संकल्प लिया।
अमेरिकी विदेश विभाग ने भी कहा कि वह इस दुर्घटना से बहुत दुखी है। विदेश विभाग के दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो द्वारा जारी एक बयान में कहा गया- में बांग्लादेश वायु सेना के प्रशिक्षण विमान की दुखद दुर्घटना से हमें गहरा दुख हुआ है। हमारी संवेदनाएं उन घायलों और उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस कठिन समय में अपने प्रियजनों को खो दिया है।”
पाकिस्तान के विदेश मंत्री और डिप्टी पीएम इशाक डार ने भी पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया।

स्कूल पर गिरे चीनी विमान F-7BGI फाइटर जेट के बारे में जानिए
F-7BGI बांग्लादेश एयरफोर्स (BAF) का मल्टीरोल फाइटर जेट है। यह चीन के चेंगदू J-7 फाइटर का एडवांस वर्जन है, जिसे सोवियत यूनियन के MiG-21 की तर्ज पर बनाया गया था।
BAF ने 2011 से 2013 के बीच यह फाइटर खरीदा था। इसे थंडरकैट स्क्वाड्रन में शामिल किया गया था। यह फाइटर एयर डिफेंस, ग्राउंड अटैक और समुद्री इलाकों में हमले जैसी कई भूमिकाओं में काम आता है।
इस फाइटर जेट में 2 तोपों के साथ 7 हथियार लगाने वाले पॉइंट हैं। इन पर 3 हजार किलोग्राम तक की मिसाइलें और बम लगाए जा सकते हैं। यह PL-5 और PL-9 मिसाइल, लेजर गाइडेड बम और C-704 एंटी-शिप मिसाइल से लैस हो सकता है।

1984 के बाद सबसे घातक दुर्घटना
सोमवार की जेट दुर्घटना 1984 के बाद बांग्लादेश में हुई सबसे घातक दुर्घटना थी। 1984 में, चटगांव से ढाका के लिए उड़ान भरने वाला एक यात्री जेट विमान तूफान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी 49 लोग मारे गए थे।
——————————————————





























