रथयात्रा में घुसी चोरों की गैंग, महिलाओं के कान की बालियां, आईफोन 16 और पर्स चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। सेक्टर-36 के इस्कॉन मंदिर से निकाली गई रथयात्रा में घुसे चोर गिराह ने जमकर चोरियां कीं। चोर गिरोह ने 15 से अधिक लोगों का सामान चोरी किया। 6 से अधिक महिलाओं की कान की बालियां उड़ाईं जबकि कई लोगों के पर्स, आई फोन-16 समेत कई मोबाइल ले उड़े। मौके पर कई खाली पर्स भी बरामद हुए हैं। घटना सेक्टर-36 थाना पुलिस इलाके में हुई। रथयात्रा के दौरान इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी सुरक्षा में थे।
बलटाना निवासी बुजुर्ग 60 वर्षीय शकुंतला, उनकी बहू और पाैत्री रथयात्रा में शामिल होने गई थीं। दोपहर करीब तीन बजे सेक्टर-36 इस्कॉन मंदिर पहुंचीं। जहां रथयात्रा में शामिल हुईं। सेक्टर 36/37 लाइट पाॅइंट पर शकुंतला को पता चला कि कान की एक बाली गायब है। शकुंतला के अनुसार उन्हें अहसास हुआ कि किसी ने उनके कान की बाली खींची हो। शकुंतला की बहू ने बताया कि उन्होंने काफी समय तक वहां बाली ढूंढी लेकिन कहीं नहीं मिली। इस दौरान अन्य कई महिलाएं भी अपनी कान की एक एक बाली ढूंढ रही थीं। वहीं कई लोगों के पर्स और मोबाइल गायब हो गए। एक व्यक्ति का आईफोन 16 चोरी हो गया। शकुंतला की बहू ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस को शिकायत नहीं दी है। चूंकि उन्हें बाली मिलने की उम्मीद नहीं है।
बड़े आयोजनों में सक्रिय होता है चोर गिरोह
शहर में इस तरह की कोई रैली या कलाकार का कार्यक्रम होता है तो चोर गिरोह सक्रिय हो जाता है। इससे पहले सेक्टर-34 में पंजाबी सिंगर दलजीत दाेसांझ और सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड में एपी ढिल्लों के शो के दौरान 100 से अधिक मोबाइल और पर्स चोरी हुए थे। हालांकि पुलिस ने एक चोर को भी गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने एक महिला पुलिस सिपाही का मोबाइल भी चोरी किया था।


























