जीरकपुर। नगला रोड के निवासी कई महीनों से सड़क पर फैले गंदे पानी से परेशान हैं। इससे सड़क की हालत बद से बदतर बनी हुई है। हल्की सी बारिश आने पर ही सड़क पर पानी भर जाता है। इस कारण लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क के एक तरफ कुछ समय पहले सीवर की पाइपलाइन डाली गई थी। सड़क पर इतना गंदा पानी फैला हुआ है कि वहां से दोपहिया वाहन तो दूर की बात है गाड़ी निकलना भी मुश्किल हो रहा है। यहां पर तीन सीवर के चेंबर भी टूटे पड़े हैं। उनमें से भयंकर बदबू आ रही है। इस सड़क पर तीन स्कूल हैं। इसमें से एक स्कूल बाजीगर बस्ती में दूसरा स्कूल गांव नगला में और तीसरा एक निजी स्कूल है। इन स्कूलों को जाने वाले बच्चों को इस गंदे पानी में से होकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों विजय पाल, रानी, शोएब खान, मनीष का कहना है कि इस गंदे पानी से भरी हुई सड़क से गुजरने से गाड़ियों का नुकसान हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी होती है। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि इस भरे गंदे पानी के कारण हमारी दुकानदारी का भी नुकसान हो रहा है। सड़क पर भरे पानी में कई बार बुजुर्गों और बच्चों को गिरते देखा गया है। उन्होंने कहा कि पहले तो यहां पर सड़क में गड्ढे बने थे। अब उन गड्ढों को नगर परिषद ने ठीक करवा दिया है। इस पानी की निकासी का कोई ठोस प्रबंध नहीं है। इस कारण डेंगू जैसी बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
सीवरेज विभाग ने पाइप डालने का काम कुछ समय पहले किया है। अब अगले हफ्ते पानी की निकासी का पाइप डालकर उसका आगे कनेक्शन कर दिया जाएगा। इसके बाद यहां पर रुके पानी की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। – ईशान कुमार, जेई, नगर परिषद जीरकपुर



























