सीएम मान और पूर्व सीएम कैप्टन आमने-सामने…
-गुटका साहिब की कसम खाने के बावजूद नशा तस्करों पर कार्रवाई से पीछे हटे कैप्टन अमरिंदर सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीएम भगवंत सिंह मान ने पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को करारा जवाब देते हुए कहा कि भतीजे ने पंजाब में नशा फैलाया, चाचा ने बतौर सीएम इसे पनपने दिया। मान ने आरोप लगाया कि अकाली सरकार के समय बिक्रम सिंह मजीठिया की बदौलत नशा कारोबार तेजी से फैला। इसके बाद जब कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे चाचा मुख्यमंत्री बने तो यह और भी गहराया।
उल्लेखनीय है कि अकाली नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी पर एक बार फिर सियासी उबाल देखने को मिला है। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मजीठिया की गिरफ्तारी को लेकर अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह मानव अधिकारों का उल्लंघन है। कैप्टन ने अपने पोस्ट में लिखा कि मान सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घाेंट रही है। शासन की जगह राजनीतिक प्रतिशोध और दमनकारी नीतियों को लागू कर रही है। मजीठिया पर कार्रवाई को कैप्टन ने राजनीतिक प्रताड़ना का शर्मनाक उदाहरण बताया है। सीएम मान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अब ड्रग्स के तस्करों के मानवाधिकारों की चिंता कर रहे हैं जबकि उनके और उनके भतीजे के शासनकाल में पंजाब का युवा नशे की लत में मर रहा था। वे उस समय महफिलों और निजी कार्यक्रमों में व्यस्त थे। उन्होंने कैप्टन से पूछा कि जब आपने 2017 के चुनाव में चार हफ्ते में ड्रग्स खत्म करने का वादा किया था, तब उसका क्या हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जनता जान चुकी है कि आप सभी दोहरे चेहरे वाले लोग हैं लेकिन यह समझ बहुत कुछ गंवाने के बाद आई है।
सीएम मान ने कहा कि कैप्टन ने गुटका साहिब की शपथ लेकर सत्ता संभाली लेकिन नशा तस्करों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। सीएम मान ने सवाल किया कि आम लोगों के बेटे नशे की लत में मरते रहे और कैप्टन अपनी रॉयल पार्टियों में व्यस्त रहे। सीएम मान ने कहा कि जब कैप्टन मुख्यमंत्री थे तब उनके खास भतीजे ने चिट्टा पंजाब में फैलाया और उनके कार्यकाल में नशे का कारोबार फलता-फूलता रहा। उन्होंने कहा कि सत्ता के खेल में मशगूल इन नेताओं ने पंजाब की एक पूरी पीढ़ी को बर्बाद कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि भाजपा और कांग्रेस नेता एक ऐसे कुख्यात नशा तस्कर की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं जिसने सरकारी वाहन से चिट्टा सप्लाई किया और राज्य की युवा पीढ़ी को नष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह वही व्यक्ति है जिसने नशे का जाल बिछाया और नेताओं की सरपरस्ती में उसे पंख मिले।
बिट्टू, खैरा, बाजवा पर सीएम का सियासी हमला
सीएम ने दावा किया कि आज कांग्रेस और भाजपा के नेता चाहे वो कैप्टन अमरिंदर हों, चरणजीत चन्नी, रवनीत बिट्टू, प्रताप बाजवा या सुखपाल खैहरा सब एक सुर में नशा तस्कर का बचाव कर रहे हैं। उन्होंने चुनौती दी कि कांग्रेस और भाजपा अपने रुख को स्पष्ट करें, क्या वे चाहते हैं कि नशा तस्कर खुले घूमते रहें? सीएम मान ने कहा कि उनकी सरकार ने युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान शुरू कर दिया है और राज्य में नशे के नेटवर्क की कमर तोड़ दी गई है।

















![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)









