Majithia’s Bp Reached Above 160; Demand For Ac And Bed From Jail Management, Government Refused – Chandigarh News
मजीठिया का बीपी 160 से ऊपर पहुंचा; जेल प्रबंधन से एसी और बेड की मांग, सरकार का इन्कार
-मजीठिया को रात भर जेल में नींद नहीं आई, बैरक में टहलते रहे
Trending Videos
—–
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। न्यू नाभा जेल में न्यायिक हिरासत में भेजे गए शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की तबीयत जेल पहुंचते ही खराब हो गई। उनका ब्लड प्रेशर 160 से ऊपर पहुंच गया था। मजीठिया को इस दौरान डाॅक्टरी जांच मुहैया कराई गई। उन्होंने जेल प्रबंधन से विशेष सुविधाओं की मांग की है। मजीठिया ने न्यू नाभा जेल प्रबंधन से सोमवार सुबह अपने वकील के माध्यम से कानूनी प्रक्रिया के तहत एसी और बेड की मांग की है। मान सरकार ने उन्हें जेल में वीआईपी सुविधा देने से इन्कार कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार मजीठिया को रात भर जेल में नींद नहीं आई। वह बैरक में टहलते रहे। सुबह उठते ही मजीठिया ने वीआईपी ट्रीटमेंट की मांग की। जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार मजीठिया को सामान्य कैदियों की तरह बैरक में रखा गया है। उनको वहीं खाना और जमीन पर सोने के लिए बिस्तर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सरकार की ओर से स्पष्ट आदेश है कि मजीठिया को किसी प्रकार का वीआईपी ट्रीटमेंट न दिया जाए। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बीते दिनों शिमला, गोरखपुर और दिल्ली में टीमों ने रेड की थी। रेड के दौरान कई नए दस्तावेज सामने आए हैं। इन दस्तावेजों की जांच से शेल कंपनियों के बीच हुए लेनदेन और इनसे बनाई बेनामी संपत्ति का पता चलेगा।
24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में मजीठिया
मजीठिया को मान सरकार ने ऐसी बैरक में रखा है, जहां वह 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगे। जेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मजीठिया की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। जेल में कई कैदी अलग-अलग गैंगस्टर और आतंकी संगठनों के संपर्क में होते हैं। ऐसे में मजीठिया की सुरक्षा के लिए बैरक में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। यह सीसीटीवी कैमरा इसलिए भी लगाए गए हैं, ताकि जेल में रहते हुए मजीठिया का अगर स्वास्थ्य बिगड़ता है तो तुरंत पता चल सके, क्योंकि जेल पहुंचते ही उनका बीपी 160 से ऊपर चला गया था।