
फिरोजपुर में बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त आपरेशन के दौरान पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से आई हेरोइन की खेप संग एक तस्कर को काबू किया है। तलाशी के दौरान हेरोइन के पांच पैकेट, दो मोबाइल व दो बाइकें बरामद की हैं। बीएसएफ के मुताबिक उनके जवानों ने गांव भंबा सिंह वाला के पास पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधियां वाली जगह पर दो बाइकों पर दो लोगों को देखा। जो बीएसएफ को देखकर भागने लगे। उनमें से एक को काबू कर लिया। दूसरा भाग गया। तलाशी दौरान दो बाइकें व दो मोबाइल बरामद हुए हैं। इसके अलावा बीएसएफ को सीमावर्ती गांव वाका के गेहूं वाले खेत में से हेरोइन के पांच पैकेट मिले हैं, ये पाकिस्तानी ड्रोन ने आसमान से जमीन पर फेंके हैं। सभी पैकेट पीली टेप से लिपटे हुए थे। हेरोइन का वजन दो किलो 575 ग्राम आंका गया है।


























