Pakistan Train Hijack: सुरक्षा बलों ने 80 यात्रियों को बचाया, 13 लड़ाकू मारे गए
Posted by :- Sakib
पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी के द्वारा हाईजैक हुई ट्रेन मामले में सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक सुरंग में संदिग्ध बलूच आतंकवादियों द्वारा ट्रेन को हाईजैक करने के बाद कम से कम 13 आतंकवादी मारे गए और 80 यात्रियों को सुरक्षा बलों ने बचा लिया.
नौ बोगियों में करीब 500 यात्रियों को लेकर जाफ़र एक्सप्रेस क्वेटा से पेशावर जा रही थी. मंगलवार सुबह गुडलार और पीरू कुनरी के पहाड़ी इलाकों के पास एक सुरंग में हथियारबंद लोगों ने इसे रोक लिया.
एजेंसी के मुताबिक, बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा, “सुरक्षा बलों ने एक बोगी से 80 यात्रियों – 43 पुरुष, 26 महिलाएं और 11 बच्चों को बचाने में कामयाबी हासिल की है.”
हालांकि, उन्होंने कहा कि करीब 400 यात्री ट्रेन में ही रह गए हैं, जो अभी भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं, क्योंकि सुरक्षा बलों और लड़ाकुओं के साथ मुठभेड़ चल रही है. रिंद ने कहा कि पेशावर जाने वाली यात्री ट्रेन पर तेज गोलीबारी की खबरों के बीच बचाव दल को भेजा गया है.



























