
चंडीगढ़ के सेक्टर-26 थाने से पहले 50 कदम दूर दो बम ब्लास्ट के बाद अब थाने से महज 500 मीटर दूर सब्जी एवं फ्रूट मंडी में दो अज्ञात युवकों ने चार घंटे तक एक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और पुलिस सोती रह गई। चोरों ने दुकान में पांच ताले तोड़े और पेटभर कर पहले काजू-बादाम खाए, बाद में आराम से चोरी की वारदात की।
शनिवार सुबह जब दुकान पर काम करने वाली महिला यहां पहुंची तो ताले टूटे मिले जिसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। पुलिस ने सेक्टर-26 थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-26 फ्रूट मार्किट में जीरकपुर निवासी जोगिंद्र सिंह की 163 नंबर ड्राई फ्रूट की दुकान है। बीती शुक्रवार की रात को वह दुकान को बंद करके चले गए थे। शनिवार सुबह महिला वर्कर दुकान पर पहुंची तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। जब वह पहले फ्लोर पर पहुंची तो वहां तीन कमरों के चार ताले टूटे पड़े थे।
इसके बाद सूचना पाते ही दुकान मालिक व अन्य भी मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान सहित गोदाम में से ड्राई फ्रूट चोरी हो रखा था। हेल्पलाइन नंबर-112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पता चला कि एक युवक 10 बजे एंट्री करता है और रात में दो बजे तक अलग-अलग समय में दुकान के अंदर आकर चोरी करता है।




























