पहल पातशाही गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व पर शुक्रवार को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में संगत का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही देश-विदेश से संगत गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने पहुंच रही थी। गुरुद्वारा परिसर में जहां हर तरफ सतनाम-वाहेगुरु के जयकारें गुंजायमान हैं, वहीं संगत की गुरुघर में शीश निवाकर बाबा नानक की आशीष प्राप्त करने के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। एसजीपीसी की ओर से संगत की सुविधा के लिए उचित व्यवस्था की गई है, वहीं दूर-दराज से आने वाली संगत के ठहरने के लिए प्रबंध किए गए हैं। 50 क्विंटल के करीब ताजा फूलों से गुरुद्वारा परिसर का हर कोना महक रहा है। दिल्ली की संगत की ओर से विभिन्न प्रकार के देसी-विदेशी ताजा फूलों से गुरुद्वारा साहिब को सजाया गया है।


























