
बुजुर्ग की हत्या का विरोध जताते ग्रामीण।
– फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के मानसा में एक बुजुर्ग व्यक्ति की पीट-पीटकर की हत्या कर दी। गांव अतला खुर्द में कुछ लोगों ने बुजुर्ग के घर घुसकर उसपर हमला कर दिया। हमलावरों के पिटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई की शिकायत पर एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने भीखी के बरनाला चौक में शव रखकर दो घंटे तक सड़क जाम की। ग्रामीणों द्वारा पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करके बताया कि जब तक मामले में सही धाराएं नहीं लगाई जाती तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
मृतक गुरमेल सिंह (59) के भाई करनैल सिंह ने पुलिस के पास दर्ज करवाए बयान में बताया कि वह अपने भाई गुरमेल सिंह उर्फ मेली के घर जा रहा था और जब उसके घर पहुंचा तो उसके देखते ही गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी पुत्र केवल सिंह ने उसके भाई के घोटना (लकड़ी) मारा और परमजीत कौर पत्नी केवल सिंह और सत्तु सिंह वासी कोट दुना ने भी लाठियों से उसके भाई पर हमला कर दिया। शोर मचाने के बाद उक्त लोग हथियारों सहित वहा से भाग गए। हमले में गंभीर घायल उसके भाई गुरमेल सिंह की मौत हो गई।
धरनाकारियों में पूर्व सरपंच हिम्मत सिंह अतला, पूर्व सरपंच बलजीत सिंह अतला, सुखचैन सिंह अतला, भगवंत सिंह, करन सिंह, करनैल सिंह, रणजीत सिंह, मेजर सिंह, जगदीप सिंह नंबरदार और दलबारा सिंह ने भगवंत मान सरकार की कड़े शब्दों में निंदा करते कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है, यहां कोई भी व्यक्ति खुद को महफूज नहीं समझता। इस मौके को विभिन्न किसान संगठनों ने सरकार को चेतावनी देते कहा कि यदि कानून के हालात बेहतर नहीं किए जाते तो जत्थेबंदियां तीखा संघर्ष करेंगी।
लोगों के रोष को देखते पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों की हिदायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों पर धारा में बढ़ोतरी करने का लिखित वादा करते थाना भीखी इंचार्ज इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि कातिलों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




























