
पेट्रोल पंप पर लगी भीड़।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
पंजाब में डीजल और पेट्रोल के वितरण की निगरानी के लिए राज्य व जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक मंगलवार को बुलाई गई। इस बैठक के बाद गृह सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार है। प्रतिदिन करीब 4100 केएल पेट्रोल की खपत की तुलना में राज्य भर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक करीब 22,600 केएल का है। इसी प्रकार प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 10 हजार केएल डीजल की खपत होती है और वर्तमान में फिलिंग स्टेशनों पर स्टॉक 30000 किलो लीटर से अधिक मौजूद है। 90000 किलो लीटर विभिन्न टर्मिनलों पर भी उपलब्ध है। गृह सचिव ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर खरीदारी करने से बचें क्योंकि ठंड के मौसम में वे खुद को अनावश्यक परेशानी में डाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सभी टर्मिनल संबंधित रिफाइनरियों के साथ पाइप लाइनों से जुड़े हैं और इन टर्मिनलों पर पेट्रोलियम उत्पादों की निरंतर सप्लाई होती है। कुछ फिलिंग स्टेशनों में पेट्रोल/डीजल की भारी कमी के बारे में मीडिया रिपोर्टों पर टिप्पणी करते हुए गृह सचिव ने कहा कि किसी भी समय सभी फिलिंग स्टेशनों में स्टॉक एक समान नहीं होता है। कुछ फिलिंग स्टेशन शून्य स्तर पर भी हो सकते हैं और कुछ फिलिंग स्टेशनों में पूरा स्टॉक हो सकता है इसलिए राज्य में कुल उपलब्ध स्टॉक का अंदाजा कुछ फिलिंग स्टेशनों के स्टॉक के आधार पर नहीं लगाया जाना चाहिए।
गृह सचिव ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर खरीदारी करने से बचें क्योंकि ठंड के मौसम में वे खुद को अनावश्यक परेशानी में डाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान जिला अधिकारियों को सतर्क रहने और राज्य भर में पेट्रोल और डीजल ट्रकों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। उन्हें हड़ताली ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक करने को भी कहा गया है ताकि उनकी शिकायतों का निवारण किया जा सके।
बैठक में मौजूद आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल के सीनियर अधिकारियों ने प्रदेश सरकार को भरोसा दिलाया कि वे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आवश्यक सप्लाई को यकीनी बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

























