
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
चंडीगढ़ के विकास नगर (मौलीजागरां) के रौनक ग्रीन पार्क में सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीन लोगों ने एक युवक के पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर तीनों फरार हो गए। नए साल की पहली रात को हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
मौलीजागरां थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लग सके। वहीं, वारदात के बाद मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने पार्क के अंदर बिखरे खून के सैंपल इकट्ठे किए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात से पहले तीनों आरोपियों और युवक के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विकास नगर में सब्जी मंडी के पास बने रौनक ग्रीन पार्क में सोमवार रात करीब सवा आठ बजे करीब 25 वर्षीय एक युवक बैठा था। वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था, ऐसा लग रहा था कि वह नशे में है। इसी बीच पार्क में बैठे तीन अन्य युवक उसके पास आए और उसे चुप रहने को कहा। इस बात को लेकर युवकों की बीच बहस हो गई। एक चश्मदीद के मुताबिक थोड़ी देर बाद शोर मचा रहे युवक को तीनों युवक पीटने लगे। युवक ने विरोध किया तो तीनों में से एक ने चाकू निकालकर 25 वर्षीय युवक के पेट में घोंप दिया।





























