- Hindi News
- International
- Israel Hamas Gaza War Photos LIVE Update; Israeli Soldiers Trample Bodies Of Palestinians With Bulldozers
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

फुटेज में कमल अदवान अस्पताल का है। इसमें बुल्डोजर शवों को हटाता दिख रहा है।
इजराइली सेना लगातार गाजा के अस्पतालों पर हमले कर रही है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले हफ्ते इजराइली सेना ने कमल अदवान अस्पताल में हमले किए थे। यहां के स्टाफ और पेशेंट्स ने बताया कि सैनिकों ने बुल्डोजर से फिलिस्तीनियों के शव हटाए। आतंकी होने के शक में कई डॉक्टरों पर गोली चलाई।
एक स्टाफ ने कहा- व्हीलचेयर पर एक बीमार पेशेंट बैठा था। सेना का कुत्ता उसे नोचता रहा लेकिन सैनिकों ने कुत्ते को ऐसा करने से नहीं रोका। सेना ने इस अस्पताल में 8 दिन ऑपरेशन चलाया। सेना का कहना है कि यह अस्पताल हमास का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर है।

अल जजीरा ने कमल अदवान अस्पताल की यह तस्वीर जारी की। इसमें कैंपस में बुल्डोजर के पहिए के निशान दिख रहे हैं।
दफन शवों को निकाला और कुचल दिया
CNN के मुताबिक अस्पताल के बाल चिकित्सा सेवा प्रमुख होसाम अबू सफिया ने कहा- सैनिकों ने कब्रें खोदीं और शवों को बुलडोजर से घसीटा, फिर इन्हें बुलडोजर से कुचल दिया। इसके पहले इजराइली टैंकों ने कब्रिस्तान में कब्रों को रौंदा था। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इजराइली टैंकों ने शाजाये शहर के ट्यूनीशियाई कब्रिस्तान, जबलिया के अल-फलूजा कब्रिस्तान समेत 6 कब्रिस्तानों को तबाह कर दिया।

फुटेज जबालिया के अल-फलूजा कब्रिस्तान का है। इसमें इजराइली टैंकों के गुजर जाने से हुई तबाही दिख रही है।
200 हमास मेंबर्स गिरफ्तार, ये आम लोगों के बीच छिपे हुए थे
इजराइली सेना ने हमास और इस्लामिक जिहाद से जुड़े करीब 200 फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार किया है। BBC के मुताबिक, इन हमास और इस्लामिक जिहाद के इन मेंबर्स को पिछले 7 दिनों में अरेस्ट किया गया है।
वहीं, इजराइल का कहना है कि 7 अक्टूबर को शुरू हुई इजराइल हमास जंग में दोनों आतंकी संगठनों से जुड़े अब तक 700 से ज्यादा मेंबर्स गिरफ्तार हुए हैं। इनमें से कई मेंबर्स ने सरेंडर किया है। ये आम लोगों के बीच छिपे हुए थे।
जंग की 4 तस्वीरें…

राफा में इजराइली बमबारी से तबाह हुई इमारत का मलबा साफ करते बच्चे।

जंग में अब तक 99 पत्रकारों की मौत हो चुकी है।

गाजा में इजराइली सैनिक लगातार हमले कर रहे हैं।

खान यूनिस में तबाह हुई इमारतों के मलबे से शवों को निकाला जा रहा है।
इजराइल में भारी बारिश के बाद बाढ़
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक नॉर्थ इजराइल के कई शहरों में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कों जलमग्न हो गई हैं। कई जगह वॉटर लॉगिंग की समस्या हो रही है।

इजराइल में भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।
गाजा में मदद पहुंचाने से जुड़ा प्रस्ताव पास
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक गाजा में मदद पहुंचाने से जुड़ा एक प्रस्ताव पास हो गया है। दरअसल गाजा में मानवीय संकट बढ़ रहा है। लोगों के पास खाना, पानी और अन्य जरूरत का सामान नहीं है। यहां पर्याप्त मात्रा में मदद पहुंचाने के लिए UN में प्रस्ताव दिया गया था, जो पास हो गया। अमेरिका और रूस ने इस प्रस्ताव पर वोट नहीं किया। अमेरिका ने कुछ दिन पहले UN में गाजा में सीजफायर के लिए पेश किए गए प्रस्ताव के खिलाफ वीटो का इस्तेमाल किया था। इस वजह से सीजफायर का प्रस्ताव पास नहीं हुआ था।
‘अल-अक्सा फ्लड’ के खिलाफ इजराइल का ऑपरेशन ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’
हमास ने इजराइल पर 7 अक्टूबर को हमला किया था। उसने इजराइल के खिलाफ अपने ऑपरेशन को ‘अल-अक्सा फ्लड’ नाम दिया। इसके जवाब में इजराइल की सेना ने हमास के खिलाफ ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’ ऑपरेशन शुरू किया। हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने कहा था- ये हमला यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।
वहीं, हमास के प्रवक्ता गाजी हामद ने अल जजीरा से कहा था- ये कार्रवाई उन अरब देशों को हमारा जवाब है, जो इजराइल के साथ करीबी बढ़ा रहे हैं। हाल ही के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका की पहल पर सऊदी अरब इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दे सकता है।



























