37वें नेशनल गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। गोवा में चल रहे 37वें नेशनल गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार है। शनिवार को जिमनास्टिक इवेंट में अंबाला के योगेश्वर ने दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता। गुरुग्राम की लाइफ अदलखा ने भी रिबन इवेंट में स्वर्ण पदक जीत कर पदक तालिका में मेडल बढ़ाया। हरियाणा ने अभी तक कुल 9 मेडल जीते हैं।
ऑल राउंड टाइटल और फ्लोर में प्रदेश के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी योगेश्वर ने हरियाणा सरकार की खेल नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की खेल नीति सबसे अच्छी है, जहां खिलाड़ियों को बेहतरीन कैश अवार्ड और अन्य सुविधाएं मिलती हैं। आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन कोटा के तहत उन्हें भी नौकरी मिली है, जिसके लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार। उन्होंने कहा कि नौकरी ज्वाइन करने के बाद प्रदेश के लिए पदक जीतने की खुशी अलग है।
राष्ट्रीय खेलों के जिमनास्टिक इवेंट में हरियाणा के लिए गुरुग्राम की लाइफ अदलखा ने रिबन इवेंट में गोल्ड मेडल, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता। लाइफ अदलखा ने भी हरियाणा सरकार की खेल नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार का हर खिलाड़ी को बेहतरीन समर्थन मिल रहा है। सरकार की खेल नीति मेडल लाने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। राज्य के लिए पदक जीतने पर मुझे बहुत ही खुशी व गर्व हो रहा है।






























