
सांकेतिक फोटो।
महाराष्ट्र के ठाणे शहर से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने महिला बनकर विधायक को ब्लैकमेल किया और उससे धन उगाही की कोशिश की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को ब्लैकमेलिंग की इस घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। आइए जानते हैं इस पूरी घटना के बारे में।
पुलिस ने क्या बताया?
एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को जानकारी दी है कि ठाणे पुलिस ने रविवार को आरोपी मोहन ज्योतिबा पवार (उम्र 26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(3) (जबरन वसूली) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग के इस मामले में पहले एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। हालांकि, जांच के दौरान घटना में मोहन ज्योतिबा पवार के शामिल होने की बात सामने आई। इसके बाद आरोपी को कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
कैसे पकड़ा गया आरोपी?
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर खुद को महिला के रूप में पेश किया और विधायक को कई अश्लील फोटो, वीडियो और चैट संदेश भेजे। आरोपी ने विधायक को इसके बाद ब्लैकमेल किया तथा 5-10 लाख रुपये की मांग की। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने तकनीकी जानकारी और आरोपी की ओर से इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर के कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद पता लगा कि आरोपी कोल्हापुर जिले का रहने वाला है।
आरोपी ने विधायक को कैसै फंसाया?
पुलिस ने बताया है कि आरोपी की विधायक से जान-पहचान तब हुई थी, जब वह कोल्हापुर में अपने निर्वाचन क्षेत्र के प्रवास पर थे। आरोपी ने विधायक का भरोसा जीतने और ये दिखाने के लिए कि वह एक महिला के साथ बातचीत कर रहे हैं, उसने अपनी बहन के आधार कार्ड की तस्वीर भेजी थी। पुलिस ने बताया- “मामले में केवल एक ही व्यक्ति शामिल था और न तो आरोपी की बहन, न ही कोई अन्य महिला अपराध में संलिप्त थी।” (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- VIDEO: मुंबई के कमर्शियल हब में मचा हड़कंप, बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग
महाराष्ट्र की सियासत में क्या पक रहा है? उद्धव ठाकरे से मिलने घर पहुंचे राज ठाकरे, 3 महीने में हुई छठी मुलाकात





























